राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। जनपद में अपराध नियंत्रण और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत खेतासराय पुलिस को सोमवार को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने विभिन्न न्यायालयों से जारी गिरफ्तारी वारंट के आधार पर कुल 5 वारंटियों (4 पुरुष व 1 महिला) को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुपम सिंह के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव एवं क्षेत्राधिकारी शाहगंज अजीत सिंह चौहान के पर्यवेक्षण में की गई।
इन मामलों में थी तलाश
गिरफ्तार सभी अभियुक्त अलग-अलग आपराधिक मामलों में वांछित थे। इनके खिलाफ मारपीट, दहेज उत्पीड़न, एनडीपीएस एक्ट, पॉक्सो एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार एक अभियुक्त पर एनडीपीएस एक्ट (नशीले पदार्थ) से जुड़ा मामला दर्ज था। एक अन्य पर पॉक्सो एक्ट व महिला उत्पीड़न के गंभीर आरोप हैं जबकि अन्य आरोपियों पर मारपीट, धमकी, दहेज प्रताड़ना जैसी धाराएं लगी हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों में रोहित गौतम (खलौतीपुर), पप्पू यादव उर्फ रवि (रुधौली मारुफपुर), वकील अहमद (भटियारी वार्ड नं. 9), मोहम्मद सुल्तान (डोभी), रमराजी (मानीकलां)
ऐसे हुई गिरफ्तारी
खेतासराय पुलिस टीम ने विशेष अभियान चलाकर अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी और सभी वारंटियों को गिरफ्तार किया।
टीम का सराहनीय प्रयास
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अनिल पाठक, शैलेन्द्र राय, अशोक वर्मा, रविन्द्रनाथ तिवारी सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। वारंटियों और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया है। खेतासराय पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि जौनपुर पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार प्रयासरत है।
.jpg)










