चन्दन अग्रहरि
शाहगंज, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के बीबीगंज चौकी अंतर्गत गोड़िला गांव में 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार फसल में लटक गया है। पास ही कब्रिस्तान के पास लगा एक विद्युत पोल भी नीचे टूट गया है जिससे कभी भी गंभीर दुर्घटना होने का खतरा बना हुआ है। स्थानीय गांव निवासी अखंड प्रताप यादव और लकी यादव ने बताया कि खेत पूरी तरह तैयार हैं लेकिन लटकते तारों के कारण खेती का काम बाधित हो रहा है। इससे न केवल फसल को नुकसान हो रहा है, बल्कि खेत में काम करने वाले किसानों और मजदूरों की सुरक्षा को भी खतरा है।
ग्रामीणों के अनुसार इस संबंध में बिजली विभाग के लाइनमैन और पूर्व जेई रहे राजकुमार सिंह ने मौके पर आकर निरीक्षण भी किया था लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
किसानों ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कई सालों से यह 11 हजार वोल्ट का तार खेत में झूल रहा है जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। फसल तैयार होने के बावजूद डर के कारण खेत में जाने की हिम्मत नहीं कर पा रहे हैं। उनका कहना है कि तार इतना नीचे लटक गया है कि यह जानवरों और इंसानों दोनों के लिए खतरनाक है।
किसानों ने बताया कि तारों की वजह से न ठीक से कटाई हो पा रही है और न ही खेत में अन्य काम संभव हो पा रहा है। उनकी मेहनत की फसल बर्बाद होने की कगार पर है। ग्रामीण सैयद राशिद अली, महफूज अहमद, सैयद मोहम्मद कसान, मोहम्मद आमिर, अली जफर, अकबर ज़ैदी, डॉ अर्शी, डॉ अशीर रिज़वी, मोहम्मद शादाब और शोएब अख्तर सहित अन्य लोगों ने बताया कि यहां पर रौजा है। सुबह शाम लोग यहां पर फातिया पढ़ने के लिए आते हैं।
बताया गया कि तार नीचे लटके रहने के कारण लोग अपनी जान को जोखिम में डालकर फातिया पढ़ने आते हैं। मोहर्रम के त्योहार पर जब वे अपनी ताजिया लेकर यहां से गुजरते हैं तो लटके तारों और टूटे पोल के कारण बड़े हादसे का डर बना रहता है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से जल्द से जल्द लटके तारों को ठीक कराने की मांग की है।
इस बाबत पूछे जाने पर धर्मेन्द्र गुप्ता उपखण्ड अधिकारी विद्युत वितरण निगम शाहगंज ने बताया कि मुझे इसकी जानकारी नहीं थी। उक्त मामले की जानकारी मिली है वहां जांच कर लटके विद्युत तारों और जरूरत पड़ने पर पोल लगाकर इसे जल्द ही ठीक करा दिया जायेगा।
.jpg)











