आयोजित भण्डारे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़
डा. प्रदीप दूबे
सुइथाकला, जौनपुर। सरपतहां थाना परिसर में नवनिर्मित मंदिर में शनिवार को अखंड मानस पाठ के साथ धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई जबकि रविवार को विधि-विधान से हवन पूजन के उपरांत मंगल मूर्ति मारूति नन्दन की भव्य प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई गई। इसके बाद आयोजित विशाल भंडारे में क्षेत्र भर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। मांगलिक उत्सव की भव्यता देखते ही बन रही थी। पूरे आयोजन में थाना परिवार ने श्रद्धा और उत्साह के साथ सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का संयोजन थानाध्यक्ष यजुवेंद्र सिंह के नेतृत्व में किया गया। अखंड मानस पाठ के दौरान स्थानीय विद्वत मण्डल ने रामचरित मानस का भावपूर्ण पाठ और भजन-कीर्तन प्रस्तुत किया जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। रविवार दोपहर हवन-पूजन संपन्न होने के बाद बजरंग बली की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा कराई गई। तत्पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। धार्मिक आयोजन में भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, क्षेत्रीय प्रधान, ग्राम प्रतिनिधि व ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने मन्दिर में दर्शन पूजन कर भण्डारे में प्रसाद ग्रहण किया।
.jpg)







