जौनपुर। जूनियर हाईस्कूल शिक्षक (बेसिक) महासभा के जिलाध्यक्ष इन्दु प्रकाश यादव के नेतृत्व में परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत अध्यापकों की वरिष्ठता निर्धारण सूची में व्याप्त गंभीर विसंगतियों को लेकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. गोरखनाथ पटेल को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने अवगत कराया कि जनपद में जारी की जा रही वरिष्ठता निर्धारण सूची में शासनादेशों का पालन किया जाय।
शिक्षक नेताओं ने बताया कि शासनादेश के अनुसार 50 प्रतिशत पदोन्नति एवं 50 प्रतिशत सीधी भर्ती से नियुक्त अध्यापकों को समन्वित कर वरिष्ठता निर्धारण किया जाना अनिवार्य है किंतु जनपद में इसका पालन नहीं किया जा रहा। इसके अतिरिक्त एक संवर्ग के अध्यापकों की तुलना दूसरे संवर्ग से कर वरिष्ठता निर्धारित की जा रही है जो बेसिक शिक्षा नियमावली के पूर्णतः विपरीत है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि वरिष्ठता निर्धारण में मौलिक नियुक्ति तिथि के उपरांत सीधे जन्मतिथि को आधार बनाया जा रहा है जबकि नियमानुसार समान नियुक्ति तिथि होने की स्थिति में पहले भर्ती क्रमांक (गुणवत्ता अंक) और उसके बाद जन्मतिथि को आधार बनाया जाना चाहिए।
संगठन ने मांग किया कि 29334 गणित-विज्ञान सीधी भर्ती से नियुक्त अध्यापकों के शासनादेश बेसिक शिक्षा नियमावली में वर्णित प्रावधानों के अनुरूप वरिष्ठता निर्धारण सूची का पुनरीक्षण कर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किये जायं जिससे शिक्षकों के साथ न्याय सुनिश्चित हो सके। इस अवसर पर विनोद यादव, मनीष यादव, पंकज सिंह, अनित पाण्डेय, संदीप चौधरी, दिलीप सिंह, अरविंद यादव, अरविंद सिंह, भास्कर यादव, राकेश यादव, जय सिंह यादव, आशुतोष मौर्य, अनिल कुमार सहित तमाम शिक्षक उपस्थित रहे।
.jpg)







