Jaunpur News: छठें दिन मां शारदा का हुआ भव्य श्रृंगार, भक्तों में उमड़ी आस्था

Aap Ki Ummid
follow us
Jaunpur News: छठें दिन मां शारदा का हुआ भव्य श्रृंगार, भक्तों में उमड़ी आस्था




जौनपुर। नगर के परमानतपुर में स्थित मां शारदा मैहर वाली मंदिर में नवरात्रि के छठें दिन अद्भुत भक्ति और श्रद्धा का दृश्य देखने को मिला। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक सजावट से सुसज्जित किया गया जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें माता के दर्शन के लिये लगी रहीं।

नवरात्रि के छठें दिन मां दुर्गा के छठें स्वरूप मां कात्यायनी को स्मरण करके मंगला आरती से पहले मां शारदा का विशेष श्रृंगार किया गया। माता को लाल चुनरी और आभूषणों से सजाया गया। वहीं गेंदा और सफेद फूलों की सुंदर मालाओं से उनका अलौकिक रूप और निखर उठा। चारों ओर लटकती पुष्पमालाएं और दीपों की रोशनी ने मंदिर को दिव्यता से भर दिया।

श्रृंगार के साथ माता को भोग अर्पित किया गया जिसमें फल, मिठाइयां और विभिन्न प्रकार के प्रसाद शामिल रहे। भक्तों ने श्रद्धापूर्वक नारियल, फल और पुष्प अर्पित कर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर में मंत्रोच्चार से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। पुजारियों द्वारा विधि-विधान से आरती सम्पन्न करायी गयी जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। आरती के दौरान जय माता दी के जयकारों से पूरा मंदिर गूंज उठा।

श्रद्धालुओं का मानना है कि नवरात्रि के इस दिन मां शारदा की पूजा करने से ज्ञान, बुद्धि और समृद्धि की प्राप्ति होती है। नवरात्रि के छठें दिन आयोजित इस भव्य श्रृंगार ने सभी भक्तों को भाव—विभोर कर दिया। मंदिर प्रशासन द्वारा व्यवस्थाएं सुचारू रखी गयीं जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। पूरे आयोजन ने धार्मिक उत्साह और आस्था का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया।



ads

ads

ads

ads
ads

ads

ads

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!