Jaunpur News: केराकत तहसील बार के अधिवक्ताओं का फूटा आक्रोश

Aap Ki Ummid
follow us
Jaunpur News: केराकत तहसील बार के अधिवक्ताओं का फूटा आक्रोश




अधिवक्ता से दुर्व्यवहार को लेकर एसडीएम को सौंपा पत्रक

मामले की निष्पक्ष जांच व दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध दण्डात्मक कानूनी कार्रवाई की उठी मांग

विनोद कुमार

केराकत, जौनपुर। तहसील बार एसोसिएशन के अधिवक्ता दिवाकर सोनकर के साथ केराकत पुलिस द्वारा किए गए दुर्व्यवहार ने पूरे अधिवक्ता समुदाय में आक्रोश की लहर पैदा कर दी। इस घटना के विरोध में बार एसोसिएशन ने एकजुटता दिखाते हुए शुक्रवार को पूरे दिन न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया जिससे तहसील परिसर की समस्त न्यायिक गतिविधियाँ पूर्णतः ठप रहीं।

एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश राम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। अधिवक्ताओं ने एसडीएम को एक लिखित ज्ञापन सौंपा जिसमें पुलिसकर्मियों के अभद्र व्यवहार को अधिवक्ता समुदाय की गरिमा के खिलाफ बताया गया। ज्ञापन में मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पुलिस कर्मियों के विरुद्ध दंडात्मक एवं कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई।

अधिवक्ताओं के अनुसार अधिवक्ता दिवाकर सोनकर बीते 4 मार्च को अपने घर पर थे। आरोप है कि किसी झूठी शिकायत पर रात में अनेक पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे और गाली गलौज की और उनके साथ अशोभनीय व्यवहार किया। एसोसिएशन को इस घटना की जानकारी शुक्रवार को कोर्ट खुलने पर हुई तो अधिवक्ताओं ने सामूहिक विरोध का निर्णय ले लिया। दिन भर न्यायिक कार्य ठप रहने से पक्षकारों और वादियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। एसडीएम ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए मामले की जाँच का आश्वासन दिया है।

ज्ञापन सौंपे जाने के समय एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष राजमणि यादव, अनिल सोनकर आदि अनेक अधिवक्ता मौजूद रहे। इस मौके पर अधिवक्ताओं ने कहा कि वे प्रशासन की कार्रवाई पर कड़ी नजर रखेंगे और आवश्यकता पड़ने पर वरिष्ठ अधिकारियों तक इस मामले को ले जायेंगे।

पिटाई करती पुलिस का सीसीटीवी फुटेज हुआ वायरल

अधिवक्ता के साथ पुलिस द्वारा किए गए दुर्व्यवहार का मामला उस समय तेजी से तूल पकड़ लिया जब घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी वीडियो सामने आया। वीडियो सामने आने के बाद जहां अधिवक्ताओं में आक्रोश फूटा तो वहीं स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो 52 सेकेंड का है। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि पुलिस कुछ लोगों पर लाठी, लात व थप्पड़ों की बौछार कर रहे है। हालांकि ऐसे किसी भी वायरल सीसीटीवी फुटेज के सत्यता की पुष्टि अखबार नहीं करता है। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि घटना की वास्तविकता की जांच कर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जायेगी।


ads

ads

ads

ads

ads

ads

ads

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!