कहा- अल्पसंख्यकों के वोट काटने की चल रही साजिश
शाहगंज, जौनपुर। स्थानीय नगर के रोडवेज स्थित एक होटल में पूर्व मंत्री शैलेंद्र यादव ललई ने शनिवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर बोलते हुए भाजपा पर धांधली का आरोप लगाया। एसआईआर फार्म सात के माध्यम से कथित धांधली और अल्पसंख्यक समुदाय के मतदाताओं के वोट काटे जाने को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुये कहा कि यह पूरी प्रक्रिया लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने की साजिश का हिस्सा है।
प्रेस प्रतिनिधियों से वार्ता के दौरान कहा कि चुनिंदा इलाकों में विशेष रुप से अल्पसंख्यक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने का प्रयास किया जा रहा है। फार्म सात का दुरुपयोग कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जा रही है जो निष्पक्ष चुनाव और लोकतांत्रिक व्यवस्था के विरुद्ध है। पूर्व मंत्री ने मांग किया कि चुनाव आयोग इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे। साथ ही चेताया कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो जनता का लोकतांत्रिक व्यवस्था से विश्वास उठ सकता है। विपक्षी दलों से भी अपील किया कि वे एकजुट होकर इस कथित चुनावी धांधली के खिलाफ आवाज उठाएं और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करें।
.jpg)









