Jaunpur News: नारी सुरक्षा व स्वावलम्बन पर जागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन

Aap Ki Ummid
follow us
Jaunpur News: नारी सुरक्षा व स्वावलम्बन पर जागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन


सरस सिंह

जौनपुर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सशक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5 के अन्तर्गत शक्ति मोबाइल टीम द्वारा हरिवंश इंस्टीच्यूट ऑफ नर्सिंग एण्ड पैरामेडिकल्स में जागरूकता कार्यक्रम हुआ जहां बड़ी संख्या में छात्राओं ने भाग लिया।

इस मौके पर मिशन शक्ति मोबाइल प्रभारी एवं टीम के सदस्यों ने छात्राओं को नारी सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुये बताया कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति, उत्पीड़न, छेड़छाड़, साइबर अपराध या अन्य किसी संकट की स्थिति में तत्काल संबंधित हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें। छात्राओं को पुलिस आपातकालीन सेवा 112, स्वास्थ्य सेवा 102 एवं 108, वूमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 तथा साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 के बारे में जानकारी दी गई।

टीम ने बताया कि हेल्पलाइन सेवाएं 24 घंटे उपलब्ध रहती हैं और पीड़ित की पहचान गोपनीय रखी जाती है। छात्राओं को यह भी समझाया गया कि किसी भी प्रकार की परेशानी को छुपाने के बजाय तुरंत शिकायत दर्ज कराना ही उनकी सुरक्षा का पहला कदम है। इस दौरान सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं— विधवा पेंशन योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, नशा मुक्ति भारत अभियान एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना—के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही महिला सुरक्षा एवं लैंगिक समानता से संबंधित कानूनों पर भी प्रकाश डाला गया।

मिशन शक्ति टीम ने संस्थान परिसर एवं आसपास संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग करते हुये छात्राओं को आत्मरक्षा, सतर्कता और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की सलाह दिया। अंत में छात्राओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की जागरूकता गतिविधियां उन्हें आत्मविश्वासी बनाती हैं और आवश्यकता पड़ने पर सही सहायता प्राप्त करने में सहायक सिद्ध होती हैं। मिशन शक्ति के अंतर्गत ऐसे कार्यक्रम आगे भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे, ताकि महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित और सशक्त वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।



ads

ads

ads

ads

ads

ads

ads

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!