Jaunpur News: युवक की नृशंस हत्या, ईंट से कुचला गया चेहरा

Aap Ki Ummid
follow us
Jaunpur News: युवक की नृशंस हत्या, ईंट से कुचला गया चेहरा




50 मीटर दूर मिलीं बाइक व शराब की बोतलें

अतुल जायसवाल

रामपुर, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के आशापुर–फेरूपुर गांव में वरुणा नदी के किनारे स्थित सरसों के खेत में सोमवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की पहचान सिकरारा थाना क्षेत्र के मेहंदीपुर गांव निवासी बृजेश यादव पुत्र लालचंद यादव के रूप में हुई है जो एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत था। हत्या इतनी बेरहमी से की गई कि मृतक का चेहरा ईंट से कुचला गया था।

ग्रामीणों ने खेत में शव देखा तो तत्काल डायल-100 को सूचना दी। सूचना मिलते ही मड़ियाहूं क्षेत्र के सीओ परमानन्द कुशवाहा, रामपुर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर फॉरेंसिक टीम को बुलाया जिसने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए। शव से करीब 50 मीटर की दूरी पर एक बाइक बरामद की गई जिसकी नंबर प्लेट गायब थी। बाइक के पास पांव के निशान, शराब की खाली बोतलें और 4 गिलास भी मिले हैं जिससे हत्या से पहले शराब पार्टी की आशंका जताई जा रही है। मृतक के परिजन भी सूचना पर थाने पहुंचे। परिजन संजीव यादव ने बताया कि बृजेश रविवार को उनकी बाइक लेकर भदोही जिला के तुलसीचक स्थित अपने ननिहाल जाने के लिए निकला था लेकिन वहां नहीं पहुंच सका। इसके बाद उसकी तलाश की जा रही थी।

इस बाबत पूछे जाने पर क्षेत्राधिकारी परमानन्द कुशवाहा ने बताया कि पुलिस को आशापुर क्षेत्र में खेत में युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए एसओजी टीम भी लगा दी गई है। पुलिस हत्या के कारणों, मृतक की अंतिम गतिविधियों और बरामद सामान के आधार पर हर पहलू से जांच कर रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किए जाने का दावा किया जा रहा है।


आशापुर हत्याकाण्ड का 8 घण्टे में हुआ खुलासा

ममेरे भाई ने ईंट से कूंच करके की थी हत्या

अतुल जायसवाल

रामपुर, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के आशापुर गांव में सरसों के खेत में युवक की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने महज 8 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा करते हुए आरोपी ममेरे भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस का दावा है कि यह हत्या पैसों के विवाद को लेकर की गई थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सिकरारा थाना क्षेत्र के मेंहदी गांव निवासी लालचंद यादव का पुत्र बृजेश यादव रविवार को अपने ननिहाल भदोही जनपद के तुलसी चक गांव स्थित स्व. दशरथ यादव के घर आया था। सोमवार की सुबह रामपुर थाना क्षेत्र के वरुणा नदी किनारे स्थित सरसों के खेत में उसका शव खून से लथपथ हालत में मिला। युवक का चेहरा ईंट से बेरहमी से कुचला गया था जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।

सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों ने शव देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची रामपुर पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रथम दृष्टया मामला ब्लाइंड मर्डर का प्रतीत हो रहा था जिसके चलते पुलिस ने इसके खुलासे के लिए 3 विशेष टीमें गठित कीं।

पुलिस के अनुसार घटनास्थल पर मिली बाइक के आधार पर मृतक की पहचान की गई। पहचान होने के बाद जांच की दिशा बदली और शक की सुई ननिहाल पक्ष की ओर गई। इसके बाद मृतक के मामा स्व. दशरथ यादव के पुत्र रोहित यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने जुर्म कबूल कर लिया।

आरोपी ने बताया कि मृतक से पैसों को लेकर उसका विवाद हुआ था जिसके बाद गुस्से में आकर उसने ईंट से हमला कर उसकी हत्या कर दी और शव को खेत में फेंक दिया। घटना की सूचना मिलने के 8 घंटे के भीतर ही रामपुर पुलिस ने मामले का सफल अनावरण कर लिया।

इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे रामपुर थानाध्यक्ष की कार्यशैली की क्षेत्र में सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उनके कार्यभार संभालने के बाद से अपराधियों में पुलिस का खौफ साफ नजर आ रहा है और अपराधियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जा रहा है।

ads

ads

ads

ads

ads

ads


ads

ads

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!