शमीम अहमद
मड़ियाहूं, जौनपुर। विकास खण्ड मड़ियाहू के ग्राम पंचायत औरैला में शीतलहर से राहत पहुंचाने के उद्देश्य से कंबल वितरण समारोह का आयोजन किया गया। बताया जाता है कि कार्यक्रम का आयोजन जिला पंचायत सदस्य प्रेम नारायण यादव बाबा द्वारा किया गया जिसमें 1000 से अधिक जरूरतमंद लोगों को नि:शुल्क कंबल वितरित किए गए। कड़ाके की ठंड में कंबल पाकर लाभार्थियों के चेहरे पर राहत और संतोष दिखाई दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख मड़ियाहूं रेखा यादव ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व ब्लॉक प्रमुख अभिमन्यु यादव उपस्थित रहे। अतिथियों ने संयुक्त रूप से कंबल वितरण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ठंड के मौसम में गरीब और असहाय लोगों की मदद करना सबसे बड़ा मानव धर्म है। ऐसे आयोजनों से समाज में सेवा और सहयोग की भावना को बल मिलता है।
जिला पंचायत सदस्य प्रेम नारायण यादव बाबा ने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा ही उनका मुख्य उद्देश्य है और भविष्य में भी इस प्रकार के जनकल्याणकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे। ब्लॉक प्रमुख रेखा यादव ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि समाज के सक्षम लोगों को आगे आकर जरूरतमंदों की मदद करनी चाहिए।
मुख्य अतिथि अभिमन्यु यादव ने कहा कि कंबल वितरण जैसे कार्यक्रम ठंड से बचाव के साथ-साथ सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजक को इस सराहनीय पहल के लिए धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान औरैला विजय लाल यादव, ग्राम प्रधान पिपरा पिंटू यादव, ग्राम प्रधान रामपुर नदी सत्य प्रकाश, श्याम जी यादव, बृजमोहन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे। आयोजन का संचालन जिला पंचायत सदस्य प्रेम नारायण यादव बाबा ने किया।
.jpg)






