- लखनऊ से पैतृक गांव तक शोक की लहर, सलमा खान के निधन पर नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
मो. अरशद
खेतासराय, जौनपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मोहम्मद आज़म खान की माता सलमा खान के निधन से शोक की लहर दौड़ गई है। शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने एक्स हैंडल पर शोक संदेश जारी कर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिजनों को इस कठिन घड़ी में धैर्य रखने की कामना की।
उल्लेखनीय है कि सलमा खान का गुरुवार को लंबी बीमारी के बाद लखनऊ स्थित आवास पर निधन हो गया था। उनके इंतकाल की खबर मिलते ही राजधानी लखनऊ से लेकर जौनपुर जिले और उनके पैतृक गांव तक शोक व्याप्त हो गया। लोग बड़ी संख्या में शोक संवेदना प्रकट करने पहुंच रहे हैं।
मोहम्मद आज़म खान मूल रूप से खुटहन थाना क्षेत्र के तिघरा गांव के निवासी हैं। मां के निधन की सूचना मिलते ही पार्टी कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों में गहरा दुःख देखा गया। जिले में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों एवं नेताओं ने शोक सभाएं आयोजित कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य, पूर्व विधायक अरशद खान, आरिफ हबीब, पूर्व मंत्री शैलेंद्र यादव ‘ललई’, सदर विधानसभा अध्यक्ष वीरेंद्र यादव, असलम खान, चेयरमैन प्रतिनिधि सहित पार्टी के अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शोक व्यक्त करते हुए परिजनों के प्रति संवेदना जताई और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की।
.jpg)






