जौनपुर। सांसद सदर बाबू सिंह कुशवाहा की अध्यक्षता तथा विधायक मछलीशहर डा. रागिनी सोनकर, मल्हनी लकी यादव, शाहगंज रमेश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण/प्रतिनिधिगण की उपस्थिति में जिला विद्युत समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई।
इस मौके पर जनपद की विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ एवं सुचारु बनाए रखने के दृष्टिगत विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गयी। अध्यक्ष ने निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधिगण द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही सुनिश्चित की जाय। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि, जर्जर तारों सहित अन्य आवश्यक कार्यों हेतु शीघ्र सर्वे कराकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाय जिससे आगामी ग्रीष्मकाल में जिले की विद्युत आपूर्ति प्रभावित न होने पाये और आमजन को किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने अपने विधानसभा क्षेत्रों अन्तर्गत आवश्यक विद्युत कार्यों की सूची सांसद जी के माध्यम से विद्युत विभाग को उपलब्ध करायी। साथ ही उनसे अपेक्षा किया कि प्राप्त प्रस्तावों को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करते हुये समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाय। इस दौरान चीफ इंजीनियर अनिल वर्मा ने बिजली बिल राहत योजना 2025-26 के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत किया।
सांसद ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी जनप्रतिनिधिगण के फोन नम्बर अनिवार्य रूप से फीड कर लिये जायं। उनके फोन कॉल्स को प्राथमिकता पर रिसीव किया जाय तथा उनकी समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाय। विद्युत विभाग के अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों के निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जायेगा। साथ ही जनपद की विद्युत व्यवस्था को मजबूत बनाने हेतु एक समग्र कार्ययोजना तैयार कर क्रियान्वयन किया जायेगा जिससे जिले की विद्युत व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त बनी रहे और आम जनमानस को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी, समिति के सदस्यगण, जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधि सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
.jpg)






