जौनपुर। सन्त निरंकारी मिशन की हरित चेतना और पर्यावरण के प्रति अटूट समर्पण को निरंतर आगे बढ़ाते हुये 17 अगस्त दिन रविवार को ‘वननेस वन’ परियोजना के 5वें चरण के अन्तर्गत देश भर में अनेक नये स्थलों को इस जन-सहभागिता अभियान से जोड़ा जायेगा।
इसी क्रम में जौनपुर में संत निरंकारी मिशन के 43 ब्रांचों पर प्रातः 6 से 9 बजे तक सैंकड़ों सेवादार एवं श्रद्धालु एकजुट होकर वृक्षारोपण के माध्यम से प्रकृति के प्रति अपनी निष्ठा और संरक्षण के संकल्प को दोहराएंगे। इस आशय की जानकारी स्थानीय मीडिया सहायक उदय नारायण जायसवाल ने दी है। साथ ही आगे बताया कि बाबा हरदेव सिंह जी का यह स्वर्णिम संदेश- “प्रदूषण अंदर हो या बाहर, दोनों ही हानिकारक हैं”- इस संपूर्ण अभियान की प्रेरणा का मूल आधार बन चुका है।
इसी चेतना से प्रेरित होकर संत निरंकारी मिशन के सेवादार पर्यावरण की शुद्धता के साथ आंतरिक पवित्रता की दिशा में भी निष्ठापूर्वक कार्यरत हैं क्योंकि जब मन निर्मल होता है, तभी विचार, वाणी और कर्म भी निर्मल होते हैं।
वहीं संत निरंकारी मंडल के सचिव जोगिंदर सुखीजा ने बताया कि ‘वननेस वन’ के अंतर्गत पौधों का चयन स्थानीय पर्यावरण के अनुसार किया जाता है और उनकी देखभाल जैविक खाद, स्वच्छ जल व आधुनिक तकनीकों से की जाती है जिससे दीर्घकालीन हरियाली सुनिश्चित हो सके। पर्यावरण संकट के इस दौर में मिशन की यह पहल न केवल समयोचित है, बल्कि समाज के लिए प्रेरणास्रोत भी है।