खण्ड शिक्षाधिकारी व डोभी शिक्षक संघ अध्यक्ष ने दिखाई हरी झण्डी
विनय शर्मा
डोभी, जौनपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार सरकारी स्कूलों में स्कूल चलो अभियान के द्वितीय चरण के मंगलवार को विकास खण्ड डोभी में नामांकन जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारम्भ बीआरसी चंदवक से खण्डशिक्षाधिकारी रमाकांत सिंह एवं उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ डोभी के अध्यक्ष आलोक कुमार रघुवंशी द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। रैली में विकास खण्ड के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, प्रधानाध्यापकों, सहायक अध्यापकों, शिक्षामित्रों एवं अनुदेशकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रैली बीआरसी चंदवक से प्रारम्भ होकर चंदवक बाजार एवं प्रमुख मार्गों से होते हुए बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थल तक पहुँची। वहाँ खण्ड शिक्षाधिकारी रमाकांत सिंह, शिक्षक संघ अध्यक्ष आलोक रघुवंशी एवं शिक्षक संघ के संरक्षक संजय यादव द्वारा बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके पश्चात रैली पुनः बीआरसी चंदवक पहुँचकर सम्पन्न हुई। रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने शिक्षा के महत्व, शत-प्रतिशत नामांकन तथा विद्यालय चलने के लिए प्रेरित करने वाले नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। बच्चों के उत्साह एवं शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी ने अभियान को प्रभावी स्वरूप प्रदान किया। कार्यक्रम में विकास खण्ड के सभी प्रधानाध्यापकों एवं सहायक अध्यापकों की सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका रही। इस अवसर पर खण्डशिक्षाधिकारी रमाकांत सिंह ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्कूल चलो अभियान का उद्देश्य कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे तथा सभी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो। कार्यक्रम के समापन पर खण्ड शिक्षाधिकारी ने अभियान के सफल आयोजन हेतु सभी प्रधानाध्यापकों, सहायक अध्यापकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं एवं सहयोग प्रदान करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सामूहिक प्रयास से शत-प्रतिशत नामांकन एवं नियमित उपस्थिति के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकेगा।
.jpg)










