अतुल जायसवाल
रामपुर, जौनपुर। सुरेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत पूरेदयाल सोरहा गांव में शनिवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना के बाद ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। जानकारी के अनुसार गांव के पास खेतों में भैंस चरा रहे एक युवक की नजर पड़े शव पर पड़ी। उसने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सुरेरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। शव की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पहचान के लिए पुलिस आसपास के गांवों के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा गुमशुदगी संबंधी अभिलेखों का भी मिलान किया जा रहा है। मृतक के हाथ पर "प्रीति महाकाल" लिखा हुआ मिला है जिसे पुलिस पहचान के लिए एक महत्वपूर्ण सुराग मानकर जांच आगे बढ़ा रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आमजन से अपील किया कि यदि किसी को मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल सुरेरी थाना पुलिस को सूचित करें जिससे उसकी पहचान कर परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके। फिलहाल पुलिस युवक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

.jpg)








