जौनपुर। केराकत क्षेत्र के थानागद्दी पुलिस चौकी के अन्तर्गत बम्बावन गांव के बगेरवा पुरवा में भाजपा कार्यकर्ता के घर आयोजित तेरहवीं में शामिल होने केराकत आये हिन्दू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता के लेखपाल भाई की पुरानी रंजिश को लेकर गोली मारकर हत्या कर दी गयी। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने एक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार बगेरवा पुरवा निवासी भाजपा कार्यकर्ता राजेन्द्र प्रजापति के पिता की तेरहवीं थी जहां आजमगढ़ के हिन्दू युवा वाहिनी के मण्डल अध्यक्ष अशोक प्रजापति निवासी देवगांव आजमगढ़ अपने तीन भाइयों के साथ आये थे। इसी कार्यक्रम में उनसे रंजिश रखने वाले श्लोक यादव निवासी गोपलापुर थाना देवगांव भी आया था। भोजन करने के बाद जब सभी लोग जाने लगे तो उसी दौरान श्लोक यादव ने पुरानी रंजिश से खुन्नस खाकर अशोक प्रजापति को लक्ष्य करके गोली चला दिया। आगे होने की वजह से वह बच गये लेकिन उनके पीछे 30 वर्षीय छोटे भाई अनिल प्रजापति को गोली लग गयी जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिरकर तड़पने लगा।
आवाज सुनकर तेरहवीं में भगदड़ मच गयी जिसके बाद आनन-फानन में घायल को उपचार हेतु वाराणसी ले जाया गया जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इधर इसकी सूचना मिलने पर कोतवाल बिन्द कुमार और थानागद्दी चौकी प्रभारी श्रीप्रकाश राय मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दिये।
साथ ही मृतक के शव को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण हेतु भेज दिया गया। बता दें कि अनिल प्रजापति पेशे से लेखपाल थे जो इस समय चेंवार आजमगढ़ में कार्यरत थे। भाई की तहरीर पर पुलिस ने श्लोक यादव निवासी गोपालपुर थाना देवगांव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।




DOWNLOAD APP