जौनपुर। नेवढिय़ा थाना क्षेत्र के जूड़पुर गांव में अधिकारी बनकर पहुंचे बाइक सवार जालसाजों ने एक महिला को झांसे में लेकर उसके पास से 10 हजार नकदी और सोने की दो अंगूठी, कनफूल, झुमका व पायल से भरा पर्स लेकर फरार हो गए। पीडि़त की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है।
सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के जपटापुर बाजार निवासी सोनम पत्नी संदीप कुमार जायसवाल अपने मायके नेवढिय़ा थाना क्षेत्र के जूड़पुर गांव निवासी भोलानाथ जायसवाल के घर आई थी। रविवार की शाम करीब साढ़े 6 बजे वह अकेले दरवाजे पर बैठी थी। उसी दौरान पुलिस का स्टीकर लगी बाइक से दो लोग पहुंचे।
जालसाजों ने भोलानाथ जायसवाल के परिवार के सदस्यों की एक सूची दिखाते हुए कहा कि वे केंद्रीय अधिकारी हैं। पीएम मोदी द्वारा भोलानाथ का नाम चयनित किया गया है। इस योजना के तहत परिवार के सभी सदस्यं के बैक खाते में तीस-तीस हजार रुपया सरकार भेजेगी। इतना सुनते ही सोनम ने आए अधिकारियों को बैठाया और उन्हें जलपान कराया। जालसाजों ने सोनम से परिवार के सदस्यों का आधार कार्ड, बैंक पासबुक मांगा।
सोनम आधार कार्ड लेने के लिए कमरे में गई तो दोनों जालसाज भी उसके पीछे कमरे में पहुच गए। कमरे में चारपाई पर रखा पर्स लेकर दोनों फरार हो गए। सोनम ने शोर मचाया तो दूसरे कमरे में मौजूद उनकी भाभी ने भी आ गई। महिलाओं का शोर सुनकर आस पास के लोग दौड़े लेकिन जालसाज फरार हो गए।
सोनम के भाई भोलानाथ के अनुसार पर्स में सोनम का 10 हजार रुपए, सोने की दो अंगूठी, एक कनफूल और बच्ची का पायल, झुमका था। इस संबंध में नेवढिय़ा थानाध्यक्ष का कहना है कि पीड़ित की तरफ से पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है। जबकि वायरलेस सेट सुबह से ही इस घटना को लेकर सर्किल के थानों को सतर्क किया जा रहा है।




DOWNLOAD APP