जौनपुर। मछलीशहर संसदीय क्षेत्र में आने वाले जफराबाद और केराकत विधानसभा में भाजपा अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकी। ज‌बकि दोनों विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा के विधायक है। दोनों विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशी बीपी सरोज गठबंधन के प्रत्याशी त्रिभुवन राम से पीछे रहे। सहयोगी दल की मंडियाहू विधायक और वाराणसी के पिंडरा में भाजपा विधायक अवधेश सिंह‌ ने भाजपा की लाज अलबत्ता बढ़त दिलवाकर बचा लिया। केराकत में 25638 और जफराबाद में 1925 वोट से भाजपा पिछड़ गई।

आंकड़ों पर गौर करें तो मछलीशहर लोकसभा क्षेत्र में बसपा प्रत्याशी को मछलीशहर विधानसभा क्षेत्र में 113240, मड़ियाहूं 84740, जफराबाद में 99110, केराकत में 118551, पिंडरा में 71122 मत प्राप्त हुआ। उधर भाजपा प्रत्याशी बीपी सरोज को मछलीशहर में 89970, मड़ियाहूं में 91714, जफराबाद में 97285, केराकत में 92913 और पिंडरा में 115211 मत प्राप्त हुए। इस तरह गौर किया जाए तो पिंडरा में भाजपा को बसपा की तुलना में 34089 मत अधिक मिले। इसी तरह मड़ियाहूं में 6974 बसपा की तुलना में भाजपा को अधिक मत प्राप्त हुआ।
विधानसभा चुनाव 2017 में अपना दल से विधायक बनीं डा. लीना तिवारी को 58804 मत प्राप्त हुआ था। जबकि लोकसभा 2019 के चुनाव में उनके विधानसभा में 91714 मत ‌मिले। ऐसे में डा. लीना तिवारी ने भाजपा प्रत्याशी को अपने से अधिक मत दिलाने में कारगर भूमिका अदा की जिससे भाजपा प्रत्याशी की लाज बच गई और वह 181 वोट से चुनाव जीत सके। वैसे चुनाव के दौरान भाजपा प्रत्याशी ने मड़ियाहूं विधायक के सहयोग को लेकर सवाल भी खड़ा किया था लेकिन यह सवाल मतदान के बाद निर्मूल साबित हो गया। जहां तक जफराबाद विधानसभा क्षेत्र का सवाल है यहां भाजपा और बसपा के बीच कांटे की टक्कर रही। यहां 1925 मत ही भाजपा बसपा से कम पाई।
विधानसभा के चुनाव में यहां के विधायक डा. हरेंद्र प्रसाद सिंह को 85989 मत प्राप्त हुए ‌थे। जबकि लोकसभा के चुनाव में भाजपा को 97285 प्राप्त हुए। केराकत विधानसभा क्षेत्र में बसपा को 118551 मत प्राप्त हुआ। जबकि भाजपा को 92913 मत से संतोष करना पड़ा। यहां बसपा ने भाजपा से 25638 मतों से बढ़त बना लिया। विधानसभा चुनाव में यहां के विधायक दिनेश चौधरी को 84078 मत प्राप्त हुआ था।




DOWNLOAD APP