जौनपुर। लोकसभा क्षेत्र मछलीशहर से अंतिम राउंड की गणना के बाद भाजपा के बीपी सरोज ने बसपा-सपा गठबंधन के ‌त्रिभुवन राम को 181 मतों से पराजित कर दिया। भाजपा प्रत्याशी को 488397 और बसपा प्रत्याशी को 488216 मत प्राप्त हुए। 
इसमें भाजपा को 1304 और बसपा को 1453 पोस्टल मत भी शामिल हैं। यहां 15 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे थे। शुरूआती दौर में प्रथम चक्र की गणना में भाजपा ने बढ़त बनाया था। लेकिन दूसरे राउंड से ही भाजपा पिछड़ने लगी। 23वें राउंड की गणना के बाद भाजपा ने मामूली वोटों से बढ़त बनाया तो 32वें राउंड की गणना के बाद 181 वोट तक ही बढ़त बना पाए। 
1032111 और 2814 पोस्टल मत सहित 1034925 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। जबकि यहां मतदाताओं की संख्या 1845484 है। मछलीशहर लोकसभा क्षेत्र में कांटे की टक्कर 22वें राउंड की गणना के बाद शुरू हुई। जो अंतिम राउंड की गणना तक बनी रही। बसपा प्रत्याशी ने दोबारा मतगणना कराने की मांग किया लेकिन प्रशासन ने अनुसना कर दिया। कभी भाजपा तो कभी बसपा के समर्थकों ने गाजे बाजे के साथ जश्न मनाया। रात 9 बजे तक स्पष्ट नहीं हो सका कि जीत किसकी हुई है। दोनों के समर्थक अपनी-अपनी जीत का दावा करते रहे।  जो भी जो काफी देर बाद परिणाम अपडेट किया गया। जिसमें भाजपा प्रत्याशी विजयी घोषित किए गए।