जौनपुर। सिकरारा थाना क्षेत्र के ग्रामसभा शेरवां के राजस्व गाँव बघौरा के मूल निवासी सामान्य परिवार में 25 जुलाई 1991 को जन्मे बृजेश कुमार प्रजापति को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने जौनपुर लोकसभा सीट से अपना उम्मीदवार घोषित किया है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर के निर्देशन में राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव अरविंद राजभर ने लिस्ट जारी किया है।

बृजेश के पिता राम पाल के पास 20 डिसमिल जमीन है। बृजेश पांच भाई हैं। उनकी मां चम्पा पात्र गृहस्ती कार्ड धारक हैं। बृजेश की पढ़ाई इण्टर के बाद आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण छूट गयी। पिछले 10 वर्षों से पिछड़ों, दलितों की लड़ाई में भागीदारी करते रहे। विगत चार जुलाई 2018 को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की सदस्यता ली और भागीदारी आंदोलन मंच के जिलाध्यक्ष बने। पार्टी द्वारा प्रत्याशी बनाये जाने की खबर सुनकर परिवार में जश्न का माहौल है। पिता राम पाल को विश्वास है कि उनका बेटा जनता के आशीर्वाद से सांसद चुना जायेगा।

बृजेश ने बताया कि अब तक की सरकारों ने पिछड़ों, दलितों को वोट बैंक के रूप में प्रयोग किया है। अब समय आ गया है कि वे अपना प्रतिनिधि चुनकर संसद में भेजें। वे विजयी होकर पिछड़ों दलितों की आवाज बुलन्द करेंगे। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा उन्हें पार्टी प्रत्याशी बनाये जाने पर धन्यवाद ज्ञापित किया।




DOWNLOAD APP