• जौनपुर लोकसभा सीट पर गठबंधन का होगा कब्जा

जौनपुर। मुंगराबादशाहपुर के दुल्हन मैरेज हाल में सपा-बसपा संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें गठबंधन के सभी नेताओं ने जौनपुर लोकसभा सीट को जीतने की हुंकार भरी। कहा कि गठबंधन प्रत्याशी की जीत तय है।

मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री व विधायक शैलेंद्र यादव ललई ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मौजूदा सरकार देश की जनता के साथ विश्वासघात करने और अपने वायदे से मुकरने वाली सरकार है। अली और बजरंगबली को बांटने वाली सरकार है। भाजपा जनता से वोट भी विकास के नाम पर नहीं बल्कि धर्म और शहीदों के नाम पर मांगने का काम कर रही है जो अत्यंत निंदनीय है। भाजपा नफरत फैलाने वाली पार्टी है।

बसपा विधायक सुषमा पटेल ने कहा कि यह चुनाव आम चुनाव नहीं है बल्कि देश बचाने का चुनाव है। यह हमारा संघर्ष तभी रुकेगा जब तक हम दिल्ली के लाल किले में एक तरफ नीला और एक तरफ लाल झंडा न गाड़ दें। पूर्व विधायक ज्वाला प्रसाद यादव ने कहा कि इतिहास गवाह है कि जब जब कंधे से कंधा मिलाकर लड़ाई की गई है तब तब गैर सामाजिक ताकतों का पतन हुआ है। आज यह सौभाग्य सपा बसपा के गठबंधन के द्वारा प्राप्त हुआ है।

जौनपुर सदर संसदीय क्षेत्र से सपा बसपा गठबंधन प्रत्याशी श्याम सिंह यादव ने कहा कि यह चुनाव न्याय और विकास का चुनाव है। लोकतंत्र की रक्षा का चुनाव है और मैं विश्वास दिलाता हूं कि जीत हासिल करने के बाद मैं हमेशा जनता के बीच में रहूंगा।
सम्मेलन को जिला पंचायत अध्यक्ष राज बहादुर यादव, पूर्व विधायक व सपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर यादव, उमाशंकर यादव, राहुल यादव, अमरजीत गौतम, आलोक गुप्ता, शैलेंद्र साहू, ब्लाक प्रमुख बृजलाल यादव, भोलानाथ सरोज, दीपक गुप्ता आदि ने सम्बोधित किया।




DOWNLOAD APP