जौनपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने करंजाकला के ब्लाक प्रमुख दीपचंद सोनकर का समाजवादी पार्टी से निष्कासन समाप्त कर दिया है।
बताते चले कि बीते 14 दिसंबर 2018 को सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के ककोर गहना गांव में रास्ता मांगने पर दलित महिलाओं को सपा के ब्लाक प्रमुख द्वारा अपने गुर्गों से लाठी डंडे से जमकर पिटाई कराई गई। करंजाकला ब्लॉक प्रमुख दीपचंद सोनकर ककोर गहना गांव में जमीन खरीदकर प्लाटिंग कर रहे थे।

पीड़ित पक्ष की महिलाओं का कहना था कि ब्लॉक प्रमुख ने रास्ता देने का वादा किया था। लेकिन वह अपनी बात से मुकर गए और जमीन कब्जा करने लगे। अपने गुर्गों से दौड़ा दौड़ा कर लाठी से पिटवाया और भद्दी भद्दी गालियां दी। जिसका वीडियो वायरल होने के बाद प्रमुख समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत हुआ। जिसमें चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।
उक्त मामले को संज्ञान में लेते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दीपचंद्र को पार्टी से निष्कासित कर दिया था। उन्होंने कहा ​था कि महिलाओं पर अत्याचार और अभद्र व्यवहार करने वाले सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को समाजवादी पार्टी निष्कासित करती है।

दीपचंद सोनकर का सपा से निष्कासन समाप्त होने पर सपाईयों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि पार्टी में वापस आने से समाजवादी पार्टी को गति प्रदान होगी। वह मजबूती से समाजवादी पार्टी के लिए कार्य करेंगे।




DOWNLOAD APP