जौनपुर। सोशल मीडिया और मतदाता सूची दोनों का उपयोग राजनैतिक दल चुनाव में हथियार के रूप में करते हैं। वर्तमान समय में सोशल मीडिया चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रहा है। इसके महत्व को देखते भाजपा ने लोकसभा चुनाव में जीत के लिए इस प्लेटफार्म पर अपनी गतिविधियां बढ़ाने की विस्तृत योजना तैयार की है। इससे पार्टी के आईंटीसेल की चुनाव में महत्त्वपूर्ण भूमिका होगी। उक्त बातें मुख्य अतिथि राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार अनिल राजभर ने मंगलवार को मछलीशहर के गंगा पैलेस में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के सोशल मीडिया वॉलिंटियर्स सम्मेलन के शुभारम्भ सत्र को सम्बोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि 2014 के चुनाव में आईटी सेल के कार्यकर्ताओं का बड़ा ही योगदान था। आईटीसेल के कार्यकर्ता हमारे वीर योद्धा हैं। यह चुनाव अब तक का सबसे बड़ा राजनीतिक संग्राम होगा। 2019 का लोकसभा चुनाव आप लोगों के बल पर ही जीता जाएगा। आईटीसेल के लोग अपनी सक्रियता को इतना बढ़ाएं की हर व्यक्ति के जुबान पर चाहे वह बूढ़ा हो या फिर बच्चा हो। सब के जुबान पर बस एक ही बात होनी चाहिए कि एक बार फिर मोदी सरकार। तब हमारा प्रयास सफल होना माना जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को उत्साहित करते हुए कहा कि सरकार बनने पर आप लोगों का सिर गर्व से ऊंचा हो जाएगा।

भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील कुमार उपाध्याय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आईटीसेल के कार्यकर्ता सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्यों और योजनाओं की जानकारी को लिखकर अपने-अपने फेसबुक, ट्विटर व व्हाट्सएप ग्रुप पर अवश्य शेयर करें। उन्होंने सरकार के कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि आजादी के बाद यह पहला अवसर है, जब पांच वर्ष में इतनी अधिक सड़कें बनी और हर घर में बिजली पहुंचाने का कार्य हुआ। गांव में 20 घंटे व शहरों को 24 घंटे बिजली देने का कार्य हुआ है। यह सब मोदी जी के कारण ही संभव हुआ है। आप लोग सरकार के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें।
कार्यक्रम को डा. अजय सिंह,विनय सिंह, जेपी दुबे, संदीप तिवारी, ब्रह्मदेव तिवारी, सुरेंद्र विक्रम सिंह आदि ने संबोधित किया। इस अवसर पर राकेश जायसवाल, राज कृष्ण शर्मा, कृष्ण कुमार दुबे, संतोष जायसवाल, अभिषेक सिंह, सोनू जायसवाल, जयानंद चौबे, फैहमी रिजवी, बृजेश शुक्ला, सुरेंद्र मौर्या, मनोज गुप्ता आदि उपस्थित रहे।




DOWNLOAD APP