जौनपुर। बदलापुर थाने से महज दो सौ मीटर दूरी पर स्थित बदलापुर उप डाकघर से गुरुवार को दोपहर बाइक सवार तीन बदमाशों ने असलहे के बल पर कैश बाक्स लूटकर फारर हो गए। कैश बाक्स में 2.80 लाख 220 रूपये थे। दिन दहाड़े हुई लूट की इस घटना से हड़कंप मच गया। पुलिस ने इलाके में घेरेबंदी कराकर छानबीन की लेकिन बदमाशों का कहीं कोई सुराग नहीं लग सका। सूचना पर एएसपी ग्रामीण संजय राय और सीओ बदलापुर राजेंद्र प्रसाद भी मौके पर पहुंचकर छानबीन की लेकिन लुटेरों का कुछ पता नहीं चल सका। उप डाकपाल अशोक कुमार की तहरीर पर पुलिस ने लूट का केस दर्ज कर लिया है।

दोपहर करीब दो बजे एक बाइक पर सवार तीन बदमाश बदलापुर स्थित उप डाकघर पहुंचे। एक बदमाश बाइक चालू कर बाहर खड़ा रहा और दो बदमाश असलहा लहराते डाकघर के अंदर पहुंच गए। बदमाशों ने लोहे का कैश बाक्स उठा लिया। डाक सहायक विनोद मौर्य और भूपेंद्र कुमार बदमाशों से भिड़ गये। बदमाश और कर्मचारियों में छीनाझपटी हुई। बदमाश ने गोली मारने की धमकी देते हुए दोनों कर्मचारियों को धक्के देेते हुए गिरा दिया। और कैश बाक्स लेकर बाइक पर सवार हुए।
असलहा लहराते हुए बदमाश बाजार की गली से होते हुए नहर की पटरी के रास्ते फरार हो गए। घटना से गाकघर में काम करने वाले कर्मचारी सहम गए। लूट की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक सत्यप्रकाश सिंह मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी भी जगह-जगह किया। किन्तु कोई सफलता नहीं मिली। उपडाकपाल अशोक कुमार के अनुसार लूटे गये बॉक्स में 2.80 लाख 220 रुपये थे। सूचना पर एसपीआरए संजय कुमार राय, डाक अधीक्षक गौरीशंकर सिंह, सीओ राजेन्द्र कुमार घटना की जांच पड़ताल में जुटे गए। एसपी आरए संजय राय का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। शीघ्र घटना का खुलासा किया जाएगा।





DOWNLOAD APP