जौनपुर। खुटहन थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव में रविवार की सुबह आम के बगीचे में आधा दर्जन राष्ट्रीय पक्षी मोर के मृत मिलने से हड़कम्प मच गया। पुलिस ने मृत मोर के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दिया। वहीं इसको लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया है।
जौनपुर के खुटहन क्षेत्र में स्थित एक
बगीचे में मृत पड़े राष्ट्रीय पक्षी मोर।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त गांव के संदीप धोबी पुत्र राम उजागिर धोबी अपने खेत में किसी कार्य से जा रहा था कि देखा आम के बगीचे में छः राष्ट्रीय पक्षी मोर मृत पडे़ हैं। मौके पर उनके चारों तरफ मक्के का दाना बिखरा पड़ा था जिसकी सूचना उसने तत्काल ग्रामीणों को दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस को अवगत कराया। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष दुर्गेश्वर मिश्र पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गये और वन विभाग को सूचित किये। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम के साथ जांच हेतु पशु चिकित्सक डा. चन्द्रभान भारशिव भी पहुंच गये। मौत के कारण की जांच-पड़ताल शुरू हो गयी।
वहीं इसको लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया। थानाध्यक्ष श्री मिश्र ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्यवाही की जायेगी। फिलहाल ग्रामीणों ने राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत के मामले में अराजक तत्वों पर क्षेत्र में अमन शान्ति भंग करने के उद्देश्य से साजिश की आशंका व्यक्त किया है।





DOWNLOAD APP