• उन्होंने कहा, मथुरा-वृन्दावन का नाम सुनकर सपा-बसपा को करंट लगता था

मथुरा। मथुरा में विजय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि देश में तबाही का नाम कांग्रेस है, इस तबाही को मत आने दीजिए। राहुल गांधी किसानों से कहते हैं कि खेत में टाइल्स लगा देंगे, कांग्रेस हमारे अन्नदाता को तबाह करने में जुटी है। कांग्रेस आतंकवादियों को संरक्षण देती है, आतंकवादियों को बिरयानी खिलाती है। लेकिन भाजपा सरकार आतंकवादियों को बिरयानी नहीं, बल्कि गोली खिलाती है। वे गोली चलाते हैं तो यहां से गोला भी दागा जाता है। ये कार्य सिर्फ देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही कर सकते हैं।
Yogi-Adityanath-Mathura-Uttar-Pradesh-Vijay-Sankalp-Sabha-25-03-2019
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मथुरा के विकास के लिए पांच साल में आपकी सांसद हेमा मालिनी 250 बार यहां की यात्रा कर चुकी हैं। जबकि लगातार कई बार से सांसद चुने जा रहे राहुल और सोनिया गांधी 250 बार अमेठी और रायबरेली नहीं गए होंगे। सपा-बसपा की सरकार में गुंडागर्दी चरम पर थी। उत्तर प्रदेश में दंगे, अराजकता, गुंडागर्दी का बोलबाला था। व्यापारियों से सपा-बसपा सरकार में गुंडा टैक्स वसूला जाता था। लेकिन केंद्र के बाद राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद हमने तीन संकल्प लिया। पहला लघु सीमांत किसानों का 1 लाख रुपए का कर्ज माफी, दूसरा अवैध बूचड़ खाने को बंद करना और तीसरा संकल्प प्रदेश में बहन और बेटियों की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो का गठन करना, जिसे सफलतापूर्वक किया।
योगी ने कहा कि सैलिब्रेटी के लिए कहा जाता है कि चुनाव जीतकर दोबारा नहीं आते लेकिन हेमा मालिनी ने इस मिथक को तोड़ा। मथुरा की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को भी आगे बढ़ाया। पिछली सरकार में बैठे लोग यहां चुनाव नहीं करवाना चाहते थे। हमारी सरकार ने नगर निगम बनाया और चुनाव भी करवाया। पिछली सरकारों के लिए विकास कार्य नामुमकिन था लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने उसे मुमकिन बनाया जिससे आज गंगा मैया अविरल और निर्मल हुई हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में पूरे देश में 60 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पांच लाख का स्वास्थ्य बीमा कवर दिया गया। जनधन योजना के तहत 36 करोड़ परिवार का बैंक में एकाउंट खुलवाया गया। 12 करोड़ किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि के माध्यम से सालाना 6 हजार रुपए मुहैया करवाया गया है। 7 करोड़ गरीबों को निशुल्क रसोई गैस मुहैया करवाई गई। 9.50 करोड़ गरीबों को शौचालय प्रदान किया गया। 2.50 करोड़ लोगों को पीएम आवास योजना के तहत आवास मुहैया करवाया गया। सौभाग्य योजना में 4 करोड़ परिवार को निशुल्क बिजली कनेक्शन दिया गया, इसमें अकेले उत्तर प्रदेश में 1 करोड़ लोगों को निशुल्क कनेक्शन मुहैया करवाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ये मुमकिन कर दिखाया है। क्योंकि मोदी हैं तो मुमकिन है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में जब सपा और बसपा समर्थन कर रही थी, तब जम्मू-कश्मीर में पत्थरबाजी होती थी। आज नरेंद्र मोदी ने अलगाववादी नेताओं की सुरक्षा वापस ले लिया। उनके मुंह बंद करवाने के साथ साथ जम्मू-कश्मीर में पत्थरबाजी भी बंद हो गई। बहन जी को इस बार फिर से विश्वास नहीं था कि जनता उन्हें वोट देगी। क्योंकि सपा-बसपा दोनों विश्वास खो चुके हैं। इसलिए गठबंधन किया। सपा-बसपा-लोकदल मिलकर प्रदेश के संसाधनों को लूटने के लिए कार्य कर रहे हैं, लेकिन योगी प्रदेश में लूट खसोट नहीं होने देगा। ये वही लोग हैं, जो आपको बिजली नहीं देते थे। मथुरा-वृन्दावन का नाम सुनकर इन्हें करंट लगता था। अखिलेश ने कहा था कि सैफई में दुर्योधन की मूर्ति लगाएंगे। मायावती को तो अपनी मूर्ति लगाने से फुर्सत नहीं है।
सीएम योगी ने कहा कि बसपा सरकार ने 21 चीनी मिलों को बेचा था, हमने संकल्प लिया है कि हमारी सरकार इसे वापस लेकर चलाएगी। हम किसानों के साथ खिलवाड़ नहीं होने देंगे। योगी ने कहा कि मायावती जी 2011 से लेकर 2018 तक के बकाया रकम को हमारी सरकार आने के  बाद महज दो साल में गन्ना मूल्य का 57,800 करोड़ का भुगतान किया। इतना मायावती के  पांच साल के कार्यकाल में नहीं हुआ था। मायावती को गन्ना किसानों पर बोलने का कोई अधिकार नहीं है। मायावती ने चीनी मिलों को बेचकर किसान को तबाह किया था। इन्हीं किसानों की हाय ने मायावती को इस स्थिति में पहुंचा दिया। सपा-बसपा का गठबंधन जीरो में सिमटेगा। क्योंकि ये लोग प्रदेश को फुटबाल बनाना चाहते थे, आज इसे फुटबाल जैसा ही नंबर दे दीजिए। मथुरा में नई डेयरी खुल रही है। जैसे गंगा जी के लिए कार्य हुआ है, वैसे ही यमुना मैया के लिए कार्य होगा। कांग्रेस और सपा-बसपा का पाप ही यमुना मैया की गंदगी है, इसे नरेंद्र मोदी की सरकार दूर करेगी।


DOWNLOAD APP