शुभांशू जायसवाल
  जौनपुर। आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर जहां प्रशासनिक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, वहीं तमाम राजनीतिक दलों के दावेदार भी स्वयं प्रत्याशी मानकर चुनावी दम्भ भर रहे हैं। कोई भाजपा तो कोई कांग्रेस तथा कोई सपा-बसपा गठबंधन का प्रत्याशी बनने को आतुर है। हर राजनीतिक दल अपने सामने वाले दल के प्रत्याशी के घोषणा होने की बांट जोह रहा है। चर्चाओं की मानें तो भाजपा प्रत्याशी का चयन पार्टी जिलाध्यक्ष के चयन के बाद होगा, क्योंकि यदि जिलाध्यक्ष पिछड़ी जाति का होगा तो लोकसभा प्रत्याशी सवर्ण होगा।
वहीं जिलाध्यक्ष सवर्ण हुआ तो जौनपुर सदर सीट पिछड़ी जाति के पाले में चली जायेगी। वहीं कांग्रेस से तमाम युवाओं सहित कुछ पुराने दिग्गज चुनाव लड़ने के लिये एड़ी-चोटी एक कर रहे हैं। बात सपा-बसपा गठबंधन के प्रत्याशी की जाय तो सबसे मजबूत स्थिति में देखी जा रही है। इस गठबंधन से आने वाले प्रत्याशी के लिये जहां दलित व यादव वोट बैंक है, वहीं मुस्लिम खुले तौर पर देखे जा सकते हैं। यहां की सीट बसपा के पाले में चले जाने से सपा से चुनाव लड़ने वाले नेता मायूस नजर आ रहे हैं।

राजनीतिक गलियारों के अनुसार हाथी छाप झण्डा लेकर चलने वाले भावी प्रत्याशियों में समाजसेवी/उद्योगपति अशोक सिंह, पूर्व सांसद उमाकांत यादव के पुत्र दिनेशकांत यादव, प्रसाद इन्स्टीच्यूट के चेयरमैन बीपी यादव, पूर्व विधायक लालजी यादव, पूर्व मंत्री सुभाष पाण्डेय के अलावा कुछ ऐसे भी चेहरे हैं जो केवल चुनाव में ही दिखायी देते हैं। चर्चाओं की मानें तो समाजसेवी अशोक सिंह के अलावा उपरोक्त कोई दावेदार बीते दिनों में कहीं भी नहीं दिखायी पड़े।
उद्योगपति अशोक सिंह की पिछले कई महीनों से किये जा रहे कार्य-व्यवहार सहित उनकी ऊंची पहुंच के चलते उनको बसपा से हरी झण्डी मिल सकती है। इतना ही नहीं, जातीय समीकरण, सामाजिक कार्यों, धनबल सहित अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों से भी अशोक सिंह आगे दिखायी दे रहे हैं।
सूत्रों की माने तो जिले के तमाम दिग्गज पिछले दो ​तीन दिनों से दिल्ली में बसपा मुखिया मायावती से मिलने के लिए गणेश परिक्रमा कर रहे थे। पार्टी कार्यालय पर काफी जमावड़ों के बीच जिले के कई दिग्गज को​आर्डिनेटों के साथ बसपा मुखिया से मुलाकात भी किए। वहीं बसपा नेता अशोक सिंह ने भी गुरूवार को मायावती से मुलाकात किए। लोग कयास लगा रहे हैं कि जौनपुर लोकसभा सीट से अशोक सिंह का टिकट तय है।




DOWNLOAD APP