जौनपुर। शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के मजडीहा गांव के पास सोमवार को दोपहर करीब दो बजे बाइक सवार बदमाशों ने एक आटो रिक्शा में सवार नकाबपोश महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के करीब ढाई घंटे बाद महिला की पहचान इरफाना उर्फ शनीला (३०) पुत्री महमूद आलम निवासी सैदपुर विशेखा थाना फूलपुर आजमगढ़ के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला को उसके पति ने पांच दिन पहले ही फोन पर तलाक दिया था।

इरफाना की शादी करीब १२ साल पूर्व खेतासराय थाना क्षेत्र के भुड़कुड़हा निवासी मो. सालिम के पुत्र मन्नान के साथ हुई थी। करीब एक साल से पति से अनबन होने पर इरफाना शाहगंज में किराए के मकान में रहती थी। वह मंगलवार को किसी काम से खेतासराय आई थी। वहां से आटो रिक्शा में सवार होकर शाहगंज के लिए लौट रही थी। दोपहर करीब दो बजे आटो रिक्शा मजडीहा गांव में स्थित सनराइज पब्लिक स्कूल के पास पहुंचा था तभी बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर आटो रिक्शा को रोक लिया। बाइक चालक हेलमेट पहने था और पीछे बैठा बदमाश गमछे से मुहं बांधा था।
बाइक के पीछे बैठा बदमाश उतरा और आटो रिक्शा में पीछे की सीट पर बायीं तरफ किनारे बैठी इरफाना पर पिस्टल तान दिया। इतने में आटो में सवार करीब छह सात की संख्या में लोग गाड़ी से उतरकर भाग खड़े हुए। बदमाश ने ताबड़तोड़ पांच गोलियां इरफाना के शरीर में उतार दी। दो गोली उसकी बाहं में, एक गोली कंधे पर और दो गोली बायीं तरफ सीने में लगी। खून से लतफत होकर इरफाना तड़पने लगी। बदमाश मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
राजकीय चिकित्सालय पहुंची इरफाना की मां अंसरी बेगम ने पुलिस को बताया कि इरफाना का पति मन्नान सऊदी अरब में रहता है। पांच दिन पूर्व उसने फोन पर इरफाना को तलाक देते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी थी। अपर पुलिस अधीक्षक नगर अनिल कुमार पाण्डेय व क्षेत्राधिकारी अजय कुमार श्रीवास्तव भी घटना स्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। अपर पुलिस अधीक्षक अनिल पांडेय ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई होगी।



DOWNLOAD APP