• 75 लाख रुपए से हुए विकास कार्यों का पालिकाध्यक्ष ने किया लोकार्पण

नानक चंद्र त्रिपाठी
मुंगराबादशाहपुर, जौनपुर। मुंगराबादशाहपुर नगर को जनपद ही नहीं बल्कि प्रदेश की आदर्श नगर पालिका के रूप में प्रतिस्थापित करने के लिए और मुंगरा नगर पालिका के चतुर्दिक विकास के लिए कटिबद्ध हूं।
यह बातें नगर पालिकाध्यक्ष शिव गोविन्द साहू ने सोमवार को 14वें वित्त एवं आदर्श नगर योजना के तहत नगर में हुए 75 लाख रुपए की लागत से हुए विकास कार्यों का लोकार्पण करने के पश्चात उपस्थित नगरवासियों को संबोधित करते हुए कही।

श्री साहू ने कहा कि हमारे पूर्ववर्ती पालिकाध्यक्ष बड़े भाई कपिल मुनि ने नगर के विकास का जो सपना देखा था और उस पर निरंतर चलते हुए नगर का विकास किया उनके द्वारा रह गए अधूरे कार्यो को पूरा करने के लिए मैं पूर्ण रूप से कटिबद्ध हूं। मेरा एक ही लक्ष्य है कि मुंगरा नगर पालिका जिला ही नहीं समूचे प्रदेश की एक आदर्श नगर पालिका के रूप में जानी जाए जिससे हम नगरवासियों का सीना गर्व से चौड़ा हो सके। इस नगर के विकास के लिए जहां भी जब भी आवश्यकता होगी मैं हर प्रकार से तन-मन से तैयार हूं।
इसके पूर्व पालिकाध्यक्ष श्री साहू ने लगभग 75 लाख रुपए की लागत से 14वें वित्त आयोग द्वारा स्वीकृत एवं लगभग 50 लाख रुपए से निर्मित इंटरलॉकिंग एवं नाला निर्माण तथा आदर्श नगर योजना के तहत लगभग 25 लाख रूपये से निर्मित डामर सड़क का लोकार्पण किया। कार्यक्रम का संचालन विहिप नेता विशंभर दूबे ने किया।
इस अवसर पर अरविंद कुमार साहू, बच्चा भैया, राजेश गुप्ता, वीरेंद्र गुप्ता, संतोष कुमार गुप्ता, डबल गुप्ता, कर अधीक्षक कमलेश कुमार, राजस्व निरीक्षक रामानुज शुक्ला, कमरुद्दीन लार, सभासद गण धर्मेंद्र सिंह, रमजान अली, दीपक मोदनवाल, विनोद गुप्ता, जंगल दासगुप्ता, चंदा देवी, मोनू जायसवाल, प्रभात तिवारी, सुरेश सोनी, कामता यादव, डॉ. अनिल तिवारी, राजन सिंह, देवेंद्र नाथ गुप्ता, एजाज अहमद आदि उपस्थित रहे।




DOWNLOAD APP