जौनपुर। जलालपुर क्षेत्र के राष्ट्रीय इंटर कॉलेज महरेव पुरेव का वार्षिकोत्सव समारोह गुरुवार को विद्यालय सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की छात्रा अर्पिता, साक्षी, सोनाली ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर किया।
मुख्य अतिथि ज्ञान प्रकाश सिंह (पूर्व सदस्य कयर बोर्ड भारत सरकार व ट्रस्टी श्रीमती अमरावती श्रीनाथ चैरिटेबल ट्रस्ट मुंबई) व विद्यालय के प्रबंधक इंदु प्रकाश सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पार्चन व दीप प्रज्ज्वलित किया। मुख्य अतिथि ने इस विद्यालय से पढ़कर निकले होनहार छात्रों के रूप में सरकारी पदों पर आसीन छात्र मानवेंद्र सिंह, अतुल सिंह, आरजू मिश्रा को प्रशस्ति पत्र व शाल भेंटकर सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि मनुष्य का चरित्र ही उसकी सबसे बड़ी संपत्ति है। माता पिता की सेवा से मिला आशीर्वाद सात जन्म के पापों को नष्ट करता है। माता पिता ही बच्चे की पहली गुरु होती है। मां आधे संस्कार तो बच्चे को अपने गर्भ में ही दे देती हैं। यही मां शब्द की शक्ति को दर्शाता है। वह मां ही होती है जो पीड़ा सहकर अपने शिशु को जन्म देती है। जन्म देने के बाद भी मां के चेहरे पर एक सन्तोषजनक मुस्कान होती है इसलिए माँ को सनातन धर्म में भगवान से भी ऊँचा दर्जा दिया गया है।
उन्होंने कहा कि माता शब्द एक ऐसा शब्द है जिसमें समस्त संसार का बोध होता है। जिसके उच्चारण मात्र से ही हर दुख दर्द का अंत हो जाता है। माँ की ममता और उसके आँचल की महिमा को शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता है। उसे सिर्फ महसूस किया जा सकता है। इसीलिए कहा गया है कि ‘‘जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गदपि गरीयसी।’’ अर्थात, जननी और जन्मभूमि स्वर्ग से भी बढ़कर है।
विद्यालय के प्रबंधक इंदु प्रकाश सिंह पमपम ने कहा कि शिक्षा से ही देश का विकास संभव है। छात्रों को सफलता प्राप्त करने के लिए पहले लक्ष्य निर्धारित करें और फिर उसे प्राप्त करने के लिए जीतोड़ मेहनत करने की जरूरत है।
कार्यक्रम को बयालसी स्नातकोत्तर महाबिद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रमोद कुमार सिंह, डॉ. जय सिंह, संतोष शुक्ला, अरविंद सिंह, विवेक मिश्रा आदि ने संबोधित किया। अध्यक्षता इंदु प्रकाश सिंह तथा संचालन पारसनाथ सिंह ने किया। इस मौके पर सुनीता सिंह, डॉ. सुकृति सिंह, संगीता सिंह, डॉ. कल्पना उपाध्याय, गायत्री प्रसाद सिंह, अरुण कुमार अशोक यादव, रोज सिंह, रामचंद्र सिंह, वेदीराम, सूबेदार प्रधान आदि मौजूद रहे।




DOWNLOAD APP