जौनपुर। लखनऊ में सपा बसपा गठबंधन की औपचारिक घोषणा होते ही जिले में भी दोनों दलों के कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। दोनों दलों के शीर्ष नेताओं की ओर से गंठबंधन की हुई घोषणा के बाद समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता बसपा के जिला कार्यालय पर पहुंच गए। यहां बसपा के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश गौतम, पूर्व अध्यक्ष अमरदेव गौतम  को माला पहनाकर मिठाई खिलाई।
जिलाध्यक्ष ने भी सपा कार्यकर्ताओं को मिठाई खिलाई। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि गठबंधन को मजबूत बनाने के लिए वे एक दूसरे से कदम से कदम मिलाकर चलेंगे और सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाएंगे।

समाजवादी पार्टी के जिला सचिव संघर्ष यादव, रजनीश मिश्र, राकेश यादव अन्य कार्यकर्ताओं के साथ बसपा के जिला कार्यालय पहुंचे। यहां बसपा के जिलाध्यक्ष समेत पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं ने भी एक दूसरे को माल्यार्पण किया और मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। दोनों ही दलों के कार्यकर्ताओं ने कहा कि सीट बसपा के खाते में जाए या सपा के खाते में इससे उनका मतलब नहीं है। गठबंधन के प्रत्याशी को जिताने के लिए उनका संघर्ष होगा।
उधर सपा के मछलीशहर लोकसभा के पूर्व सांसद तूफानी सरोज ने कहा कि देश  व प्रदेश में यह गठबंधन भाजपा के कुशासन से जनता को निजात दिलायेगा। शाहगंज के सपा विधायक शैलेंद्र यादव ललई ने कहा कि साम्प्रदायिक ताकतंो को सत्ता में आने से रोकना सबा और बसपा दोनों का मकसद है। उधर सपा नेता शैलेश यदुवंशी व बसपा नेता रोहित गौतम के नेतृत्व में सिपाह में दोनों दलों के कार्यकर्ताओं ने मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया।




DOWNLOAD APP