जौनपुर। सोशल मीडिया पर वायरल हुई कांग्रेस, सपा और बसपा के प्रत्याशियों की सूची से राजनैतिक माहौल गरमा गया है। लोग जहां इस सूची पर सवाल उठा रहे हैं। जिनके नाम पर चर्चा हो रही है। वह लोग भी ऐसी सूची पर आश्चर्य व्यक्त कर रहे हैं।
भदोही जिले के एक नेता ने अपने फेसबुक अकाउंट पर 41 लोकसभा के उम्मीदवारों की संभावित सूची जारी किया। जिसमें उन्होंने जौनपुर से पूर्व सांसद धनंजय ‌सिंह को प्रत्याशी बताया है। इसको लेकर राजनैतिक चर्चाएं शुरू हो गई है। लोग आशंका व्यक्त कर रहे हैं कि धनंजय कांग्रेस से चुनाव लड़ सकते हैं। वैसे जिलाध्यक्ष कांग्रेस ‌इंद्रभुवन सिंह ने कहा है कि धनंजय सिंह हमारे दल के प्राथमिक सदस्य भी नहीं हैं। ऐसी सूची भ्रामक है और कांग्रेस को बदनाम करने की साजिश है।
उधर धनंजय ‌‌सिंह का कहना है कि निषाद पार्टी से वह विधानसभा का चुनाव लड़े थे और लोकसभा का चुनाव भी निषाद पार्टी से लड़ेंगे। उन्होंने कहा है कि हमारे समर्थकों ने भी फोन कर ऐसी जानकारी दी है। लेकिन यह पूरी तरह से एक साजिश का हिस्सा है जो असत्य और भ्रामक है।
इसी तरह बसपा और सपा के भी प्रत्याशियों के नाम चल रहे हैं। जिसमें जौनपुर से बसपा प्रत्याशी के रूप में एक पूर्व मंत्री का नाम वायरल हुआ है। सच्चाई जो भी हो लेकिन ऐसी अफवाहों ने राजनैतिक तापमान को बढ़ा दिया है। 

DOWNLOAD APP