जौनपुर। कलेक्ट्रेट परिसर में गणतंत्र दिवस पर जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने प्रातः 8.30 बजे ध्वजारोहण किया। उन्होंने शपथ दिलाते हुए कहा कि आज के राष्ट्रीय पर्व के दिन हम सबको यह संकल्प लेना है कि स्वावलम्बी, प्रगतिशील एवं सम्मानित जीवन व्यतीत करने में हम अपनी शक्तियों व विवेक का पूरा उपयोग गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले व्यक्तियों के उत्थान में करेंगे।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बनारसी राम जी को माल्यार्पण तथा अंगवस्त्रम ओढ़ाते हुए स्वागत किया। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस के प्रतिज्ञा एवं संकल्प हमें एक मार्गदर्शन एवं निर्देशिका का कार्य भी करती है। जिलाधिकारी ने सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से प्रकाश डालते हुए अब तक की प्रगति का विवरण भी प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) आरपी मिश्र, मुख्य राजस्व अधिकारी रामआसरे सिंह, नगर मजिस्ट्रेट सुरेन्द्र नाथ मिश्रा, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रामदरस यादव, कलेक्ट्रेट पूर्व अध्यक्ष शिव मोहन श्रीवास्तव, अध्यक्ष प्रमोद यादव, सभाजीत द्विवेदी प्रखर आदि वक्ताओं ने संविधान के निर्माण के बारे में विस्तार से प्रकाश डाला। अशोक सोनकर जौनपुरी ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से शहीदों को नमन करते हुए प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का संचालन आशीष त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट के अधिकारी/कर्मचारी एवं अधिवक्तागण आदि उपस्थित रहे।
इसी प्रकार विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी गौरव वर्मा ने ध्वजारोण किया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शपथ दिलाई गयी।




DOWNLOAD APP