सुईथाकला, जौनपुर। ब्लॉक स्तरीय परिषदीय विद्यालयों की खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए खंड विकास अधिकारी गणेशमणि त्रिपाठी ने कहा कि खेल कूद व्यक्ति के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करता है। खेलकूद से व्यक्ति की शारीरिक, मानसिक और व्यक्तित्व का विकास होता है। वहीं व्यक्ति के पूरे शरीर को निरोग भी बनाता है।

उन्होंने कहा कि जहां लोग शिक्षा के माध्यम से देश विदेश में बड़े नाम कमा रहे हैं। वहीं खेल कूद से आज युवा पीढ़ी देश विदेशों में भारतवर्ष का नाम रोशन कर रहे हैं। खेल भावना से जहां सामाजिक समरसता का विकास होता है। वहीं छात्र-छात्राओं के शारीरिक निरोगता के साथ साथ व्यक्ति के मानसिक विकास में सहायक होता है।सभा को खंड शिक्षा अधिकारी राज नारायण पाठक ने भी संबोधित किया।
ग्राम प्रधान प्रमोद कुमार सिंह ने आभार व्यक्त किया। विकासखंड में विगत दिनों न्याय पंचायत स्तर पर हुए खेलकूद प्रतियोगिता में प्रथम बालक, प्रथम बालिका जीतने वाले छात्र-छात्राओं को ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित किया गया है। जिसमें न्याय पंचायतों के प्रथम स्थान पाने वाले छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं। इस मौके पर दुष्यंत मिश्रा, पारसनाथ यादव, सतीश सिंह, इमरान खान, रणंजय सिंह, सुधाकर सिंह, इंद्रसेन तिवारी आदि उपस्थित रहे।