सौरभ सिंह
सिकरारा, जौनपुर। राष्ट्रीय इंटर कालेज सिरसी बरईपार में गुरुवार को पूर्व सांसद धनंजय सिंह का सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच जोरदार सम्मान किया गया। विद्यालय परिसर में भारी संख्या में मौजूद लोगों ने पूर्व सांसद को माला फूल से लाद दिया। इस दौरान विद्यालय की छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।
बतौर मुख्य अतिथि पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने कहा कि आज अपनों के बीच अपनों द्वारा सम्मान पाना मेरे जीवन के सुखद क्षणों में एक है। मैंने कभी भी जाति धर्म की राजनीति नहीं किया। हमेशा सच्चाई का साथ दिया। विद्यालय में गुरुजन बच्चों को सिर्फ किताबी ज्ञान न दें बल्कि उन्हें संस्कारित भी करें। उन्होंने कहा कि बच्चों को बचपन से ही अच्छे संस्कार देने चाहिए। तभी वह बड़े होकर अच्छे समाज का निर्माण और देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभा सकेंगे।
विशिष्ट अतिथि विधान परिषद सदस्य बृजेश कुमार सिंह प्रिंशू ने कहा कि बच्चे आने वाले समय में देश का भविष्य हैं। ऐसे में बच्चों को अच्छी शिक्षा देने के साथ-साथ उन्हें संस्कारवान भी बनाएं। जब बच्चे शिक्षित होंगे तो देश तरक्की करेंगे और संस्कार होने पर समाज में खुशहाली आएगी। अभिभावक अपने बच्चों की गतिविधियों और जरूरतों पर ध्यान दें। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत व सरस्वती वन्दना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
विद्यालय के प्रबंधक डा. विनय सिंह ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह व अंगवस्त्रम भेंट किया। वित्तविहीन शिक्षक महासभा के प्रांतीय प्रधान महासचिव अखिलेश सिंह, ओम प्रकाश सिंह, तेज़बहादुर सिंह, शरद सिंह, श्यामधर मिश्रा, हरीनारायण सिंह, रवींद्र बहादुर सिंह, सुनील सिंह, ओमप्रकाश उपाध्याय, सोनू सिंह, गोपाल सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए। अध्यक्षता समाजसेवी विजयपाल सिंह व संचालन अरविंद सिंह ने किया। आभार प्रधानाचार्य डा. राकेश सिंह ने व्यक्त किया।