• भजन गायक विपुल चौबे और अंजलि के गीतों पर झूमे श्रोता

जलालपुर, जौनपुर। क्षेत्र के त्रिलोचन महादेव स्थित प्राचीन व ऐतिहासिक शिव मंदिर पर भव्य देव दीपावली महोत्सव का आयोजन हुआ। जहां टी-सीरिज के सुप्रसिद्घ गायक कलाकार विपुल चौबे व सहयोगी कलाकार बनारस की अंजलि उरर्वशी ने भक्ति रस की धारा बहायी। वहीं आतिशबाजी का अद्भुत प्रदर्शन भी हुआ। मंदिर के सामने स्थित प्राचीन व ऐतिहासिक सरोवर के घाटों को 5100 दीपों से सजाया गया जिसको देखकर सहसा लोगों ने कह दिया कि आज धरती पर स्वर्ग उतर आया है। इसके पहले भगवान शिव का भव्य श्रृंगार के बाद सभी देवी-देवताओं का आह्वान हुआ जिसके बाद मंदिर कमेटी के प्रबंधक मुरलीधर गिरी, अध्यक्ष रविशंकर सिंह, कोषाध्यक्ष पंकज सिंह सहित कमेटी के सदस्यों सहित सैकड़ों क्षेत्रवासियों ने सरोवर के पूरी सीढ़ी को दीपों से सजाया।

वहीं पास में बने धर्मशाला को आकर्षक झालरों से सजाया गया। इस दौरान आये अतिथियों ने कहा कि प्राचीन शिव मंदिर के इस धाम का देव दीपावली वाकई अद्वितीय है जिसकी कल्पना करना बेमानी होगा। कार्यक्रम आयोजक मुरलीधर गिरी व त्रिलोचन व्यापार मंडल अध्यक्ष अनुराग वर्मा ने संयुक्त रूप से गायक कलाकार को स्मृति चिन्ह व अंगवस्त्र भेंट किया।
वहीं उपस्थित लोगों के बीच आतिशबाजी का अद्भुत प्रदर्शन हुआ जिसकी रोशनी से पूरा कुण्ड जगमगा उठा। कार्यक्रम को सम्पन्न कराने में सोनू गिरी, चन्दन सेठ, माला सिंह, गुरूगोपाल सिंह, अजय गिरी, नीरज सिंह, प्रमोद सिंह, संजय गिरी सहित समस्त ग्रामवासियों का विशेष योगदान रहा।
स्वागत कार्यक्रम आयोजक मुरलीधर गिरी ने किया। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष रविशंकर सिंह ने समस्त आगंतुकों व सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन रामचन्दर सिंह ने किया। मंदिर परिसर के इर्द-गिर्द जलालपुर थानाध्यक्ष देवतानन्द सिंह अपने हमराहियों के साथ भारी संख्या में चक्रमण करते रहे।