लखनऊ/आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को भाजपा अनुसूचित मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि देश की संस्कृति के विकास में दलितों का योगदान महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि हमारे वेद और ग्रंथ की रचना बाल्मीकि जी व वेदव्यास जैसे महान ऋषियों ने की। वहीं संत रविदास को कौन भूल सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहब अम्बेडकर के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। जब राष्ट्र संकट उत्पन्न हुआ तो देश के इस महापुरूष ने देश को एकता के सूत्र में पिरोने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी बाजपेयी ने बाबा साहब को वह सम्मान दिलाने का प्रयास किया जिसके वे बहुत पहले से हकदार थे। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बाबा साहब से जुडे़ पांच बड़े स्थलों को विकसित करने का श्रेय जाता है जबकि जो लोग डा. अम्बेडकर के नाम पर अपनी राजनीतिक दुकान चला रहे क्या उन्होंने कभी डा. अम्बेडकर से जुडे स्थलों की सुध ली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के भ्रष्टाचारी कार्यकाल में गरीबो के लिए शासन से जो सौ रूपये चलता था। वह उन तक पहुंचते-पहुंचते मात्र दस रूपये ही बचता था बाकी के नब्बे रूपये कहां जाते थे। जनता यह भली भांति जानती है। वहीं आज प्रधानमंत्री मोदी ने गरीब के खाते में सीधे पूरे सौ रूपये भेजने की व्यवस्था की है। सही मायने में समाज के अन्तिम पायदान पर खडे़ व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का कार्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने ही किया है।
प्रदेश अध्यक्ष डा. महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार व प्रदेश की योगी सरकार अनुसूचित वर्ग के लोगो के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद देश की सत्ता में सबसे अधिक समय तक रहने वाली कांग्रेस और बसपा ने अनुसूचित वर्ग के लोगों के लोगों का सिर्फ वोट बैंक के लिए इस्तेमाल किया लेकिन उनके उत्थान के लिए कोई काम नहीं किया डा. पाण्डेय ने कहा कि भाजपा ने हमेशा अनुसूचित वर्ग के उत्थान और उनके कल्याण के लिए काम किया है और भाजपा ही अनुसूचित वर्ग की सच्ची हितैषी है।
डां. पाण्डेय ने कहा कि डा. अम्बेडकर ने जीवन भर दलितों के उत्थान के लिए काम किया। आज प्रधानमंत्री डा. अम्बेडकर से प्रेरणा लेकर दलित समाज की बेहतरी के लिए उनके सपनों को  साकार करने के लिए अपना जीवन समर्पित कर रहे है। उन्होंने कहा कि गुजरात में 20-22 प्रतिशत दलित आदिवासी की बेहतरी के लिए मोदी जी ने मुख्यमंत्री के रूप में 13 वर्ष तक जो कार्य किये है उसका कहीं दूसरा उदाहरण देखने को नहीं मिलेगा और जब नरेंद्र मोदी को देश के प्रधानमंत्री बनकर दलितों के लिए काम करने का मौका मिला है तो जनधन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्जवला योजना जैसी अनेको योजनाओं के माध्यम से दलितों व गरीबों की बेहतरी के लिए काम कर रहे है। जबकि कांग्रेस ने इस दृष्टि से कभी भी न सोचा और न ही दलितों और गरीबों की बेहतरी के लिए कोई कदम उठाया।
डा. पाण्डेय ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आवाह्न किया की वे मोदी सरकारों द्वारा अनुसूचित वर्ग के लोगों के कल्याण के लिए शुरू की गई योजनाओं के बारें में लोगों को अवगत कराएं साथ में अनुसूचित वर्ग के लोंगो के बीच जाकर उन्हें यह बताएं कि उनके हित के लिए भाजपा ही काम कर रही है।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने अनुसूचित मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक को सम्बोधित किया। अनुसूचित मोर्चा के कार्यकर्ताओं को आगामी कार्ययोजनाओं के बारे में विस्तृत रूप से बताते हुए सभी कार्यकर्ताओं को अभियानों को पूरी मेहनत के साथ सफल बनाने की अपील की। श्री बंसल ने कार्यकर्ता को गांव-गांव तक केन्द्र व प्रदेश सरकारों की अनेक जनकल्याणकारीं योजनाओं के बारें में बताने व योजनाओं से लाभान्वित लोगों सेे संवाद स्थापित करने व जनसम्पर्क बढाने की बात कही।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद सोनकर, रमापति शास्त्री, अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कौशल किशोर, प्रदेश महामंत्री विद्यासागर सोनकर, गोविंद नारायण शुक्ला, एसपी सिंह बघेल, प्रो. रामशंकर कठेरिया, क्षेत्रीय अध्यक्ष ब्रज क्षेत्र रजनीकांत महेश्वरी, कान्ता कर्दम, गुलाबों देवी, मनोहर लाल कोरी, सुरेश पासी, लालजी निर्मल, अंजुला माहौर, एस. धर्मेंश, डीपी भारती आदि उपस्थित रहे।