जौनपुर। प्रदेश नगर विकास राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा है की प्रतिभा हर बच्चों में छिपी रहती है। मगर उसे जागृत करने की आवश्यकता होती है। जितने भी प्रतिभावान लोग हुए है वो अपनी लगन और मेहनत के बल पर। खुद का और अपने गांव और देश के नाम रोशन किया है। शिक्षा बिना मानव जीवन अधूरा है।
राज्यमंत्री कस्बा स्थित मैरेज हाल में व्यापार मंडल की ओर से गौराबादशाहपुर में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह को बतौर मुख्य अति‌थि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम ने बैज्ञानिक के रूप में विदेशों में पहचान बनाई। वहीं भारत के राष्ट्रपति बने। उन्होंने शिक्षा के व्यवसायीकरण की चर्चा करते हुए इनसे बचने की सलाह दी। भारतीय प्रवासी परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. अजय तिवारी द्वारा बेरोजगारी पर खड़ा किए गए सवाल के के कटाक्ष में उन्होंने कहा कि संस्था आगे बढ़े मेरी शुभकामनाएं हैं। यह संस्था डेढ़ लाख युवाओं को नौकरी दे दे, बहुत बड़ा कार्य होगा।
प्रवासी भारतीय परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. अजय तिवारी ने कहा कि देश में सबसे अधिक पीएम यूपी से बने हैं। दिल्ली से मुझे लखनऊ आने में 5 घंटे लगे और लखनऊ से ढाई सौ किमी जौनपुर आने में सात घंटे लग गए। यह कैसा विकास है जबकि पूर्वांचल के ही मुख्यमंत्री और जिले के राज्यमंत्री नगर विकास हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है और वह प्रवासी बनकर काम कर रहे हैं। उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष ‌इंद्रभान सिंह इंदू ने विस्तार से चर्चा की। उन्होंने नगर विकास राज्यमंत्री द्वारा संस्था से मांगें गए रोजगार के सवाल पर कहा कि मंत्री आप हैं और बेरोजगारों को नौकरी संस्था से मांग रहे हैं। यह कहां का न्याय है। भाजपा के गोरखपुर मंडल मंत्री और प्रधानाचार्य ग्रामोदय इंटर कालेज विनोद राय ने कहा कि अगर लक्ष्य मजबूत हो तो हर सपना कदमों में होता है। बिना मेहनत के कोई कार्य पूर्ण नहीं होता।
इस अवसर पर विनोद सेठ, प्रमोद तिवारी, रमेश सिंह, आतिश सोनकर, पप्पू अहमद, संध्या मौर्या, वर्षा साहू, रिचा तिवारी, पूजा रिया तिवारी आदि मौजूद रही। व्यापार मंडल के अध्यक्ष लल्लन सिंह और महामंत्री इकराम अंसारी ने आभार व्यक्त किया। संचालन विष्णु दत्त तिवारी ने किया।