जौनपुर। केराकत कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी ११ वार्षीय बालिका गुुरुवार को स्कूल गई थी जो शाम तक वापस नहीं आई। काफी खोजबीन के बाद भी बालिका का पता नहीं चला। शुक्रवार को सुबह गांव में एक बाजरे के खेत में उसका स्कूल ड्रेस और बैग लावारिश हाल में मिला। इससे परिजन किसी अनहोनी की आशंका से परेशान हैं। बालिका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। 

केराकत कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी 11 वर्षीय बालिका इलाके में स्थित भूतपूर्व सैनिक विद्यालय में कक्षा पांचवीं में पढ़ती थी। वह गुरुवार को सुबह नौ बजे घर से स्कूल गई थी। वह शाम तक स्कूल से घर नहीं आई तो परिजन खोजबीन में लग गए। पता चला कि वह स्कूल नहीं पहुंची थी। सभी संभावित ठिकानों पर खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला।
बालिका के पिता ने बेटी के अपहरण का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी। शुक्रवार को सुबह गांव के एक बाजरे के खेत में बालिका की स्कूल ड्रेस और उसका बैग मिलने से परिजन और परेशान हो गए। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। प्रभारी सीओ नृपेंद्र का कहना है कि बालिका के लापता होने के मामले में केस दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही है।