• सकारात्मक सोच से देश की दशा और दिशा बदलने का काम करें सोशल मीडिया के पत्रकार: अशोक सिंह
  • सोशल ​मीडिया ने दिया पत्रकारिता को नया आयाम: मो. एसएम मासूम
  • मीडिया में नई क्रांति लेकर आई है सोशल मीडिया: राजबहादुर यादव
  • देश—विदेश से जोड़ने का काम कर रहा है सोशल मीडिया: इन्द्रभान सिंह

जौनपुर। नगर के टीडी कालेज के पास स्थित तिलक प्लेस में मंगलवार को शिराज ए हिन्द डाॅट काम द्वारा वर्तमान परिवेश में मजबूत होती सोशल मीडिया नामक एक गोष्ठी आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि मुंबई के उद्योगपति अशोक सिंह ने कहा कि आज सोशल मीडिया के माध्यम समाज की अच्छाई को जनता के समाने लाया जा सकता है। सकारात्मक सोच से देश की दशा और दिशा बदलने का काम सोशल मीडिया के पत्रकारों को करना चाहिए जिससे गांव में दबी प्रतिभाओं को उभारकर उनके मुकाम तक पहुंचाया जाय। तभी पत्रकारिता और सोशल मीडिया का सही उपयोग माना जायेगा। नकारात्मक खबरोंं से परहेज करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मैं एक गरीब का बेटा था मैंने जीवन में कई उतार चढ़ाव देखा है। आज मैं उन गरीबों की सेवा करना चाहता हूं जो पैसे के अभाव में पढ़ लिख नहीं पा रहे हैं। जो खिलाड़ी गरीबी के कारण आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं। गरीब बेटियों की शादी नहीं हो रही है। मैं इन सब की सेवा के लिए हमेशा तैयार रहता हूं।
मुख्य वक्ता सोशल मीडिया एक्टिविस्ट मो. एसएम मासूम ने सोशल मीडिया के बारे में बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से जहां लोगों को पल पल की खबरें मिल रही है। वहीं इसके माध्यम से रोजगार की प्रबल सम्भावनाएं हैं। इसके माध्यम से व्यापारी अपना माल घर बैठे विदेशोंं में बेच सकता हैं। सोशल मीडिया तो पत्रकारिता को नया आयाम दे दिया है। जो खबरें अन्य मीडिया में किन्ही परिस्थितियों में नहीं आ सकती हैं। उसे इस मीडिया के माध्यम से शासन प्रशासन तक पहुंचाकर पीड़ित को न्याय दिलाया सकता है।
अध्यक्षता कर रहे जिला पंचायत अध्यक्ष राजबहादुर यादव ने कहा कि सोशल मीडिया ने मीडिया जगत में नयी क्रांति लायी है। जिस पीड़ित की आवाज कोई नहीं बनता। आज वह पीड़ित खुद अपनी आवाज शासन प्रशासन और जनता की बीच ला रहा है। लोगों का सोशल मीडिया की तरफ तेजी से झुकाव ही सोशल मीडिया की मजबूती बता रहा है।
विशिष्ट अतिथि व्यापारी नेता इन्द्रभान सिंह इन्दू ने कहा कि सोशल मीडिया ने देश विदेश में बैठे लोगों से जोड़ने का काम किया है। इस सेतु के माध्यम से तमाम पुराने दोस्त से मुलाकात हुई जो कई वर्षोंं नहीं मिले थे। इसके माध्यम से पल भर में खबरे पुरी दुनियां में पहुंच रही है।
इस मौके पर माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष रमेंश सिंह, पूर्वाचंल विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के महामंत्री विजय सिंह और प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष अरविन्द शुक्ला ने अपना विचार व्यक्त करते हुए आज सोशल मीडिया का प्रभाव समाज में बढ़ा है। इसके माध्यम से पल पल की खबरे हम लोगो को मिल रही है और हम लोग अपना विचार पूरी दुनियां तक पहुंचाने का काम कर रहे है। हर संगठन प्रत्येक राजनैतिक दल और अधिकारी कर्मचारी सूचनाओ का आदान प्रदान भी सोशल मीडिया के माध्यम से कर रहे है।
डा. लाल बहादुर सिध्दार्थ को चिकित्सा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने के लिए अंगवस्त्रम् व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। साथ ही अपनी हस्तकला के बदौलत देश की ऐतिहासिक इमारतों का मॉडल बनाने के लिए और सोशल मीडिया के माध्यम से जिले का नाम पूरे दुनियां में फैलाने के लिए मो. एसएम मासूम को सम्मानित किया गया। गूगल गर्ल के नाम से मशहूर चार वर्षीय वैष्णवी श्रीवास्तव कार्यक्रम में आकर्षक का केंद्र रही। उसने विश्व के सभी देशों की राजधानियों का नाम मंच से धारा प्रवाह के साथ सुनाकर सबको आश्चर्य चकित कर दिया। वैष्णवी ने शुरूआत पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की कविता को सुनाया तो पूरा पण्डाल तालियों की गड़गड़ाहट से गुंज उठा। इस मौके पर फ्रेड्स ग्रुप के कलाकारोंं ने देशभक्ति नृत्य प्रस्तुत करके पूरे माहौल को देश भक्तिमय कर दिया।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षाविद डॉ. ब्रजेश कुमार यदुवंशी ने किया। अतिथियों का स्वागत पत्रकार राजकुमार सिंह ने किया। धन्यवाद पत्रकार हसनैन क़मर दीपू ने व्यक्त किया। समस्त अतिथियों का सम्मान वेबसाइट संचालक राजेश श्रीवास्तव ने अंगवस्त्रम और स्मृति चिन्ह भेंटकर किया। इस अवसर पर बीआरपी इण्टर कालेज के प्रधानाचार्य सुभाष सिंह, जनक कुमारी इण्टर कालेज के प्रिंसपल जंग बहादुर सिंह, शिक्षक नेता राकेश सिंह, प्रमोद श्रीवास्तव, भाजपा नेता राजेश श्रीवास्तव बच्चा भईया, राजवीर सिंह दुर्गवंशी, महिला अस्पताल की काउंसलर सीमा सिंह, समाजसेवी संजय उपाध्याय, पूर्व अपर सूचना अधिकारी केके तिवारी, शिक्षक अखिलेश तिवारी, अजय तिवारी, अजय चौबे, इन्दू प्रकाश यादव क्षत्रिय महासभा युवा के जिला महामंत्री अश्वनीसिंह, छात्र नेता शिवम सिंह गौड़ा, सौरभ सिंह विक्की, ऋषि प्रकाश सिंह, अजीत सिंह, मसूद अहमद आदि उपस्थित रहे।