लखनऊ। बिहार के मुजफ्फरपुर के बाद देवरिया बालिका गृह कांड के विरोध में दर्जनों महिलाओं ने बीजेपी कार्यालय के सामने एकजुट होकर प्रदर्शन किया। सभी ने सरकार विरोधी जमकर नारेबाजी की।
इस दौरान पुलिसकर्मियों और महिलाओं के बीच तीखी झड़प भी हई। अंत में सभी लोग जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा पार्क में एकजुट होकर नारेबाजी करने लगीं। दोपहर करीब दो बजे विश्व महिला शक्ति संगठन के बैनर तले करीब एक दर्जन महिलाएं बीजेपी कार्यालय के सामने आ धमकी। संगठन की अध्यक्ष वन्दना चतुर्वेदी के नेतृत्व में सभी महिलाएं सरकार पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाकर नारेबाजी करने लगीं। कार्यालय के सामने प्रदर्शनकारी महिलाओं को देख पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। पुलिसकर्मियों ने समझा- बुझाकर प्रदर्शनकारियों को शांत कराने की कोशिश की लेकिन वह नहीं मानी।
इस दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी और तीखी झड़प भी हुई। करीब आधे घंटे चले हंगामे के बाद प्रदर्शनकारी गांधी प्रतिमा पार्क में आकर धरने पर बैठ गई। वन्दना चतुर्वेदी ने कहा कि भाजपा के राज में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। बालिका गृह में दुराचार की घटनाएं हो रही हैं। घटना के बाद हुई जांच में बालिका गृह लखनऊ से तीन, प्रतापगढ़ से 28, हरदोई से 14 संवासिनी नदारद मिलीं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बालिका गृह में भी लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं। इस दौरान सलमा पठान, रिंकी शर्मा, रमावती यादव, रागिनी शुक्ला, किरन शुक्ला आदि कार्यकर्ता शामिल रहीं।