चन्दन अग्रहरि
शाहगंज, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के खुटहन मार्ग स्थित पूरेआजम के पास मंगलवार की सुबह तेज रफ्तार डीसीएम की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के चिरैयामोड़ ताखा पश्चिम निवासी 35 वर्षीय सुरेंद्र कुमार पुत्र स्व. राजेंद्र कुमार मजडीहा स्थित एक होटल में कैटरिंग का काम करता था। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे वह गांव के ही 25 वर्षीय सेराज पुत्र हबीबुल्ला के साथ बाइक से अपनी ससुराल जा रहा था। इसी दौरान पूरेआजम के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने साइड लेने के दौरान उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गये।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने सुरेंद्र कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल सेराज को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने डीसीएम को कब्जे में ले लिया जबकि चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे में युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
.jpg)




