संजय शुक्ला
जौनपुर। दीपावली एवं धनतेरस पर्व के निकट आते ही साइबर ठगों ने ठगी का नया जाल बिछाना शुरू कर दिया है। वर्तमान में व्हाट्सएप पर एक संदेश तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें लिखा है कि मुझे लगा था कि फेक है परंतु सच में दो हजार मिल गये। तुम लोग भी ट्राई करो नीचे है लिंक। इस संबंध में लोगों को जागरूक करते हुए अखिल भारतीय हिंदू सेवा दल उत्तर प्रदेश के प्रदेश संगठन मंत्री एवं भारत प्रेस क्लब के जिला महामंत्री अतुल तिवारी ने जागरूकता वीडियो जारी कर बताया कि यह लिंक पूरी तरह से फर्जी है और सम्भवतः साइबर अपराधियों द्वारा बनाया गया है। लालच में आकर इस लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल का एक्सेस थर्ड पार्टी के पास चला जा सकता है जिससे मोबाइल हैक होने, अपने आप थर्ड पार्टी एप्लीकेशन इंस्टॉल होने तथा बैंक अकाउंट, यूपीआई और निजी जानकारी चोरी होने से खाता खाली होने का खतरा हो सकता है। समाजसेवी श्री तिवारी ने आगे बताया कि त्यौहारों के सीजन में दिवाली बोनस, फ्री इंटरनेट, 5 हजार कैशबैक, दिवाली शुभकामना लिंक जैसे फर्जी संदेश भेजकर आम लोगों को निशाना बनाया जाता है। उन्होंने आम जनता से अपील किया कि किसी भी अनजान लिंक पर चाहे वह किसी परिचित द्वारा भेजा गया हो क्लिक न करें और यदि लिंक से कोई लेना देना न हो तो उसे तुरंत डिलीट कर दें। सतर्क रहें जागरूक रहें और इस संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचायें।
.jpg)





