जौनपुर। विधानसभा निर्वाचन 2027 की तैयारियों के क्रम में जनपद के समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदेय स्थलों के सम्भाजन/पुनर्निर्धारण के संबंध में प्राप्त प्रस्तावों पर विचार-विमर्श करके उन्हें अंतिम रूप दिए जाने हेतु जिला निर्वाचन अधिकारी सैमुअल पाल एन. के निर्देश के क्रम में अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी परमानन्द झा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की गयी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा मतदेय स्थलों के सम्भाजन से संबंधित प्रस्तावों, मतदाताओं की सुविधा, मतदेय स्थलों की उपलब्धता एवं निर्धारित मानकों के अनुपालन के संबंध में चर्चा की गयी। साथ ही राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से जो सुझाव एवं आपत्तियां प्राप्त हुई हैं, उन पर बिन्दुवार विचार करते हुए नियमानुसार मतदेय स्थलों के सम्भाजन की कार्यवाही को अंतिम रूप दिये जाने हेतु विस्तृत चर्चा की गयी।
उक्त के अतिरिक्त यह भी जानकारी दी गयी कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी किया गया है। जारी कार्यक्रम के अन्तर्गत 12 नवम्बर को एकीकृत मतदाता सूची को प्रकाशित किया जाएगा। दावे एवं आपत्तियां दाखिल करने की अवधि 12 नवम्बर से 11 दिसम्बर तक निर्धारित की गई है। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसम्बर तक किया जाएगा तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा। मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने के लिए फॉर्म-6, प्रवासी भारतीय मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 ए, नाम सम्मिलित किए जाने पर आपत्ति अथवा नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 तथा निवास परिवर्तन, प्रविष्टियों में संशोधन, मतदाता पहचान पत्र के प्रतिस्थापन एवं दिव्यांग मतदाता के रूप में चिह्नांकन के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जा सकता है। पात्र नागरिक इन फॉर्मों को ऑफलाइन भरकर बूथ लेवल अधिकारियों को प्राप्त करा सकते हैं अथवा ऑनलाइन ऐप के माध्यम से भी भर सकते हैं। उक्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाये हेतु बैठक में उपस्थित समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों से बी0एल0ए0 की मतदेय स्थलवार तैनाती करते हुए सूची उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया।
.jpg)





