अगहूंवा सवैया गांव से निकलकर प्रो बैडमिंटन लीग तक पहुंचे अंकुश
शटल स्नाइपर्स हैदराबाद की ओर से दिखायेंगे खेल प्रतिभा
मछलीशहर, जौनपुर। स्थानीय तहसील क्षेत्र के अगहूँवा सवैया गांव निवासी बैडमिंटन खिलाड़ी अंकुश यादव ने अपनी खेल प्रतिभा और कड़ी मेहनत के दम पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अंकुश का चयन इंडियन प्रो बैडमिंटन लीग टूर्नामेंट के लिए हुआ है। वह लीग में शटल स्नाइपर्स हैदराबाद टीम की ओर से खेलते नजर आएंगे। अंकुश वर्तमान में एनएस स्पोर्ट्स अकादमी, बेंगलुरु में प्रशिक्षण ले रहे हैं। गांव से निकलकर बेंगलुरु में लगातार प्रशिक्षण करते हुए प्रतिष्ठित लीग तक पहुंचना उनके खेल सफर की महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
इंडियन प्रो बैडमिंटन लीग के संस्थापक विनीत चतुर्वेदी हैं। लीग में पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह को लीग कमिश्नर नियुक्त किया गया है। प्रतियोगिता में 8 शहर आधारित टीमें हिस्सा ले रही हैं जिनमें दिल्ली, गुजरात, जयपुर, लखनऊ, पंजाब, हैदराबाद, मुंबई और कोलकाता शामिल हैं। अंकुश का चयन शटल स्नाइपर्स हैदराबाद टीम में हुआ है। टीम की मालकिन टीवी अभिनेत्री फलक नाज़ हैं। अंकुश के चयन से उनके गांव, क्षेत्र और जौनपुर के खेल प्रेमियों में उत्साह है।
मुम्बई में होगा मुकाबला
इंडियन प्रो बैडमिंटन लीग का आयोजन 22 से 26 अक्टूबर तक अंधेरी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स मुंबई में होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 22 अक्टूबर को मुकाबले सुबह 11:30 बजे से रात 10 बजे तक, 23 से 25 अक्टूबर तक दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक तथा 26 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से रात 12 बजे तक होंगे। लीग के मुकाबलों के भारत में सोनी लिव पर लाइव प्रसारण रहेगा इसके अलावा विदेशों में भी इसके प्रसारण की व्यवस्था की गई है।
अंकुश ने सहयोगियों के प्रति जताया आभार
अंकुश ने अपने खेल सफर में साथ देने वाले अपने सहयोगी बाबा मौर्य, डॉ. नरेंद्र पाठक, चंदन पटवा, शुभम खरे, डॉ. अनीथा कुमारी, हर्षित सिंह कुशवाहा, आशुतोष चौहान सहित अन्य दोस्तों के प्रति आभार व्यक्त किया है। अंकुश का कहना है कि यह चयन उनके लिए सिर्फ व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि अगहूँवा सवैया गांव और जौनपुर जिले के लिए भी गर्व का विषय है। उनका लक्ष्य लीग में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को मजबूती देना और अपनी पहचान बनाना है।
.jpg)






