जौनपुर। सेवा संकल्प अभियान के अन्तर्गत 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक संचालित एक माह के राष्ट्रव्यापी अभियान का समापन समारोह कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ने फीता काटते हुये दीप प्रज्वलित करके किया। परियोजना निदेशक के.के. पांडेय, डीसी एनआरएलएम जितेंद्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी नवीन सिंह एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट करके मुख्य अतिथि का स्वागत किया। सेवा संकल्प अभियान कार्यक्रम के दौरान प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं एवं कलाकारों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।
इस मौके पर एमएलसी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों एवं जन-जागरण गतिविधियों में जनपदवासियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी किा। प्रधानमंत्री जी के प्रति जन-जागरण एवं दीप प्रज्ज्वलन अभियान में जनपद जौनपुर ने प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर उन्होंने जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन., मुख्य विकास अधिकारी सहित जिला प्रशासन, संबंधित अधिकारियों, शिक्षकों, प्रबुद्धजनों एवं समस्त जनपदवासियों को बधाई दिया।
कार्यक्रम में माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा के छात्र-छात्राओं द्वारा ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर बनाई गई पेंटिंग्स तथा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटकों की सराहना करते हुए एमएलसी ने कहा कि बच्चों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, औद्योगिक विकास, बेहतर सड़क संपर्क और स्वच्छ पेयजल जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। यह उनकी रचनात्मकता, जागरूकता और विकसित भारत के प्रति सकारात्मक सोच को दर्शाता है।
उन्होंने सम्मानित होने वाले छात्र-छात्राओं, उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों एवं नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करने वाली टीमों को बधाई दिया। कार्यक्रम का संचालन सलमान शेख ने किया। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर, जितेन्द्र प्रताप सिंह के अलावा कई शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं सहित तमाम अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
.jpg)






