शबरी की भक्ति से श्रीराम के राज्याभिषेक तक का हुआ मार्मिक वर्णन
समाजसेवी ज्ञान प्रकाश सिंह का 9 दिवसीय श्रीराम कथा का हुआ समापन
तेजस टूडे ब्यूरो
शुभांशू जायसवाल/अजय पाण्डेय
जौनपुर। नगर के बीआरपी इण्टर कालेज मैदान में भाजपा के वरिष्ठ नेता ज्ञान प्रकाश सिंह द्वारा आयोजित नौ दिवसीय श्रीराम कथा के अंतिम दिन कथाव्यास आचार्य शांतनु जी महाराज ने शबरी भक्ति, सुंदर कांड, लंका विजय और भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
आचार्य जी ने कहा कि श्रेष्ठ दांपत्य जीवन की पहचान कठिन परिस्थितियों में एक-दूसरे का साथ निभाना है। माता सीता और भगवान श्रीराम के प्रसंगों के माध्यम से उन्होंने प्रेम, विश्वास और पारिवारिक मर्यादा का संदेश दिया। लव-कुश प्रसंग का उल्लेख करते हुए उन्होंने सीता की स्वर्ण प्रतिमा के माध्यम से यज्ञ संपन्न करने को भगवान श्रीराम के सम्मान और समर्पण का प्रतीक बताया।
शबरी प्रसंग सुनाते हुये उन्होंने कहा कि सच्ची श्रद्धा और अटूट विश्वास से की गई प्रतीक्षा कभी व्यर्थ नहीं जाती। सुंदर कांड के माध्यम से उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी सत्य, धर्म और भक्ति के मार्ग पर अडिग रहने की प्रेरणा दी। कथा के अंतिम चरण में उन्होंने बताया कि 14 वर्ष का वनवास पूरा करके भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने पर पूरे नगर में उत्सव छा गया। विधि-विधान से हुए राज्याभिषेक के साथ श्रीराम कथा का समापन हुआ। भगवान श्रीराम का जीवन त्याग, मर्यादा, कर्तव्य और लोक कल्याण की प्रेरणा देता है।
आचार्य जी ने कथा के मुख्य आयोजक ज्ञान प्रकाश सिंह वरिष्ठ समाजसेवी/भाजपा नेता की सराहना करते हुए कहा कि वह आगे भी इसी प्रकार भव्य श्रीराम कथा का आयोजन कराते रहें और जौनपुरवासी रामकथा में डुबकी लगाते रहे। आयोजन को सफल बनाने में सेवा भारती के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सक्रिय रहे।
कथा में इनकी रही उपस्थिति
अंतिम दिन पूर्व डीजीपी राजकुमार विश्वकर्मा, चित्रकूट दिव्यांग विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. आर.एन. त्रिपाठी, अम्बरीष सिंह (मानद सदस्य वाराणसी विकास प्राधिकरण), पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह, सिद्धार्थ सिंह, भाजपा नेता सुधांशू सिंह, पूर्व प्रमुख सुभाष सिंह यादव, राजवीर सिंह, संतोष मिश्रा, माध्यमिक शिक्षक संघ के नेता संतोष सिंह सहित तमाम गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
.jpg)








