भक्ति एवं प्रेम रस से भरा केवट प्रसंग सुनकर श्रोतागण हुये भाव—विभोर
चौकियां धाम, जौनपुर। मां शीतला चौकियां धाम के साहू मैरेज हाल में चल रहे 5 दिवसीय श्रीराम कथा के पहले दिन वाराणसी से पधारे कथावाचक डॉ मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि निर्बल बलवान से डरता है। निर्धन धनवान से डरता है। मूर्ख विद्वान से डरता है लेकिन चरित्रवान से सभी डरते हैं। रावण बलवान इतना था चलने पर पृथ्वी कांपने लगती थी। धनवान इतना था कि सोने की दीवाल थी। विद्वान इतना था कि वेदों पर भाषण करता था लेकिन चरित्रवान न होने से आज भी उसका पुतला विजयादशमी को जलाया जाता है।
पुष्प वाटिका प्रसंग की वर्णन करते हुये कहा कि श्रद्धा से ही भगवान को प्राप्त किया जा सकता है। जीवात्मा जगत में परमात्मा को प्राप्त करें, यही उसका सच्चा उद्देश्य है। निर्मल मन बनाकर परमात्मा के चरणों का ध्यान करने से परमात्मा का आचरण जीवन में उतरता है।
वहीं जौनपुर से पधारे कथा वाचक डा. अखिलेश चंद्र पाठक ने केवट प्रसंग की बड़ी मार्मिक प्रसंग का वर्णन करते हुये कहा कि रामचरित्र मानस का एक अत्यन्त प्रसिद्ध, भक्ति और प्रेम रस से भरा प्रसंग केवट का है जब भगवान श्री राम माता सीता और लक्ष्मण जी 14 वर्ष के वनवास के दौरान गंगा नदी पार करने के लिए निषादराज केवट के पास पहुँचते हैं। केवट भगवान राम की नाव पार लगाने से मना कर देता है और कहता है कि उसने सुन रखा है कि राम के चरणों की धूल (रज) में ऐसा जादुई प्रभाव है जिससे पत्थर की शिला भी सुंदर स्त्री (अहल्या) बन गई थी।
केवट कहता है कि यदि उसकी काठ (लकड़ी) की नैया भी सुंदर स्त्री बन गई तो उसकी आजीविका का साधन ही खत्म हो जाएगा और उसका परिवार भूखा मर जायेगा। केवट भगवान राम से कहता है— पगु धोइवों चढ़ाइवों नाहीं जब तक मैं आपके चरण कमल धो न लूँगा तब तक नाव पर नहीं चढ़ाऊँगा। केवट प्रभु राम के चरण धोता है, उस चरणामृत को पूरे परिवार के साथ पीता है और उन्हें गंगा पार कराता है जब गंगा पार करने के बाद भगवान राम केवट को उतराई (पार करने की मजदूरी) देने के लिये विचार करते हैं और संकोच करते हैं, (क्योंकि उनके पास देने के लिए कुछ नहीं था) तब माता सीता अपनी अंगुली से सोने की मुद्रिका (अंगूठी) निकालकर रामजी को देती हैं। केवट उतराई लेने से मना कर देता है और कहता है कि उसने भवसागर से पार उतारने वाले को पार कराया है, वह बदले में उतराई के रूप में बस यही मांगता है कि प्रभु उसे भवसागर से पार लगा दें।
कथा का संचालन गुड्डू उपाध्याय ने किया। इस अवसर पर राम आसरे साहू, मदन साहू, शिवासरे गिरी, हनुमान त्रिपाठी, सावन त्रिपाठी समेत अनेक श्रोतागण कथा पंडाल में मौजूद रहे। कथा प्रतिदिन सायं 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक चल रही है। अंत में आरती पूजन करके भक्तों में प्रसाद वितरण किया गया।
.jpg)






