कई माह की मेहनत से साकार होती हैं प्रतिमाएं
खेतासराय, जौनपुर। नवरात्रि पर्व नजदीक आते ही दुर्गा पूजा पंडालों की तैयारियां तेज हो गई हैं। वहीं शाहगंज-जौनपुर मुख्य मार्ग स्थित बारां मोड़ के पास मूर्तिकार मां दुर्गा समेत देवी-देवताओं की प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में दिन-रात जुटे हैं। मिट्टी के ढेर को आकार देकर उसमें आस्था और भावनाओं को जीवंत करना इन कलाकारों के लिए सिर्फ रोजी-रोटी का साधन नहीं, बल्कि श्रद्धा से जुड़ा काम भी है।
बता दें कि करीब 30 वर्षों से खेतासराय सराय में प्रतिमा बनाने की परंपरा चली आ रही है। कलकत्ता से आये मूर्तिकार उत्तम पाल ने बताया कि वह बचपन से ही मूर्तियां बनाने का काम कर रहे हैं। हर वर्ष वह करीब 6 माह पहले खेतासराय पहुंच जाते हैं और पूरी लगन के साथ प्रतिमाओं को आकार देने में जुट जाते हैं। इस वर्ष उन्हें कुल 52 प्रतिमाओं का ऑर्डर मिला है और सभी की बुकिंग पूरी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि प्रतिमा तैयार करने में कई महीने की मेहनत लगती है। मिट्टी को तैयार करने से लेकर प्रतिमा का ढांचा बनाने, रंग लेपनऔर सजावट तक हर काम में कलाकार अपनी पूरी मेहनत और भावनाएं लगा देते हैं।इस बार मां काली की आठ फीट ऊंची प्रतिमा विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। प्रतिमा में भगवान शिव नीचे लेटे हुए हैं और मां काली उनके ऊपर पैर रखे हुई हैं।
मूर्तिकार का कहना है कि प्रतिमा बनाते समय केवल उसकी सुंदरता का ध्यान नहीं रखा जाता, बल्कि देवी के स्वरूप और धार्मिक भावनाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाता है। उनकी 5 सदस्यीय टीम मार्च माह में ही यहां पहुंच जाती है। करीब 6 माह तक लगातार मेहनत करने के बाद प्रतिमाएं तैयार होती हैं। टीम में सुभोजित पाल, सुरजीत पाल, मोंगल बग्धी और मिलोन बग्धी शामिल हैं। सभी कलाकार अलग-अलग जिम्मेदारियां संभालते हुए प्रतिमाओं को अंतिम रूप देते हैं।
मूर्तिकार सुबोध पाल ने बताया कि प्रतिमा बनाने के लिए अच्छी मिट्टी की तलाश करना भी अपने आपमें बड़ी चुनौतीपूर्ण कार्य है। कुछ जरूरी सामग्री वह कलकत्ता से साथ लेकर आते हैं। जब कई महीनों की मेहनत के बाद प्रतिमा तैयार होकर पंडाल में स्थापित होती है और श्रद्धालु मां के दर्शन कर भाव-विभोर होते हैं तो कलाकारों को अपनी मेहनत सफल होने का एहसास होता है। यही आस्था और श्रद्धालुओं की भावनाएं उन्हें हर वर्ष नई ऊर्जा के साथ प्रतिमाएं बनाने के लिए प्रेरित करती हैं।
.jpg)





