स्थापना दिवस पर हुआ विशाल सम्मेलन, हक-अधिकार के लिये संघर्ष का लिया गया संकल्प
अतुल राय
जलालपुर, जौनपुर। स्थानीय विकास खंड के अन्तर्गत ग्राम पंचायत नेवादा स्थित हरिपुर मोड़ पर भारतीय मानव समाज पार्टी का 8वां स्थापना दिवस विशाल सम्मेलन के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम में पार्टी के पदाधिकारियों, कर्मठ कार्यकर्ताओं और समर्थकों का अंगवस्त्र भेंट करके स्वागत किया गया। इस दौरान बच्चों को कॉपियां वितरित कर उन्हें शिक्षा के प्रति जागरूक किया गया। वक्ताओं ने बच्चों को मेहनत, ईमानदारी और लगन के साथ पढ़ाई करने तथा समाज में प्रेरणा का स्रोत बनने के लिए प्रोत्साहित किया।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि पूर्व ब्लॉक प्रमुख संदीप सिंह ने कहा कि रोजगार और सामाजिक अधिकारों की प्राप्ति के लिए अति पिछड़े समाज को संगठित होना होगा। भारतीय मानव समाज पार्टी रोहिणी आयोग की रिपोर्ट लागू कराने तथा समाज की मांगों को सरकार तक पहुंचाने के लिए प्रयास करेगी।
इसी क्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष केवट रामधनी बिंद ने कहा कि देश की प्रमुख राजनीतिक पार्टियों ने अति पिछड़े समाज को अपेक्षित अधिकार दिलाने के बजाय कई बार उन्हें केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया है। पार्टी की स्थापना मल्लाह, बिंद, केवट, निषाद, माझी, मझवार, लोहार, कुम्हार सहित अन्य अति पिछड़ी जातियों को उनके हक और अधिकार दिलाने के उद्देश्य से की गई है।
पार्टी के वरिष्ठ नेता ठाकुर प्रसाद बिंद ने कहा कि वर्ष 1947 से पहले और आजादी के बाद भी अति पिछड़े समाज की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति में अपेक्षित बदलाव नहीं हो पाया है। उन्होंने समाज के लोगों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने और संगठित होकर संघर्ष करने की अपील किया।
राष्ट्रीय संगठन मंत्री जितेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि अति पिछड़े समाज को अपने हक और अधिकारों की लड़ाई स्वयं आगे बढ़कर लड़नी होगी। भारतीय मानव समाज पार्टी समाज के हितों के लिए हमेशा तत्पर है। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं से अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा देने, सही दिशा दिखाने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने की अपील किया। शिक्षा ही वह माध्यम है जिससे समाज की नई पीढ़ी सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से सशक्त बन सकती है। यदि आज बच्चों की शिक्षा और सामाजिक जागरूकता पर ध्यान नहीं दिया गया तो पिछड़ेपन से उबरने में कई पीढ़ियां लग सकती हैं। उन्होंने समाज के लोगों से आपसी एकता मजबूत करने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
पार्टी के नेता रमेश बिन्द ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय मानव समाज पार्टी निर्णायक भूमिका निभाने का प्रयास करेगी। आरोप लगाया कि विभिन्न राजनीतिक दल चुनाव के दौरान समाज से वादे करते हैं लेकिन सत्ता में आने के बाद उसकी समस्याओं को अपेक्षित प्राथमिकता नहीं देते। उन्होंने लोगों से जागरूक होकर अपने अधिकारों के लिए संगठित होने की अपील किया।
सम्मेलन में गणेश बिंद, विजय बहादुर निषाद, श्रीनाथ कनौजिया, पूर्व प्रधान संजय बिंद, रामकशुन बिंद, राजेश यादव, कृपाशंकर दुबे, संजय पांडेय, एडवोकेट प्रभाकर वर्मा, एडवोकेट सतीश वर्मा, अयोध्या प्रजापति, बिरहा गायक राजेश बिंद, आचार्य सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अशोक बिंद ने किया।
.jpg)






